गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के नामचीन अरबपति कारोबारी और ‘गोरखपुर क्लब’ के संचालक अतुल श्रीवास्तव के बेटे अमरीश श्रीवास्तव (40) ने शुक्रवार को अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। अमरीश ने अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से मुंह में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस हाईप्रोफाइल घटना के बाद पूरे शहर के व्यापारिक और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
कुस्मी जंगल स्थित फार्म हाउस में खौफनाक कदम, मौके पर हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, अमरीश श्रीवास्तव शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पार्क रोड स्थित अपने आवास से कुस्मी जंगल के पास स्थित अपने निजी फार्म हाउस के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि वह फार्म हाउस की ऊपरी मंजिल पर टहलते हुए किसी से फोन पर बात कर रहे थे। इसी बीच अचानक गोली चलने की गूंज सुनाई दी। आवाज सुनकर मौके पर दौड़े कर्मचारियों ने देखा कि अमरीश खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे और उनके हाथ में पिस्टल थी। गोली मुंह के अंदर से मारी गई थी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर, एसएसपी खुद कर रहे जांच
इतने बड़े कारोबारी की आत्महत्या की सूचना मिलते ही गोरखपुर के एसएसपी डॉ. कौष्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस उन कर्मचारियों से गहनता से पूछताछ कर रही है जो घटना के वक्त फार्म हाउस पर मौजूद थे। साथ ही, अमरीश के मोबाइल की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं ताकि यह पता चल सके कि मरने से पहले वह किससे बात कर रहे थे।
VVIP कार्यक्रमों में लगता था इनका शामियाना, बड़ा कारोबारी साम्राज्य
अमरीश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बड़े ठेकेदारों और कारोबारियों में शुमार थे। उनकी कंपनी ‘एके टेंट हाउस’ का रुतबा ऐसा था कि मुख्यमंत्री के अधिकांश कार्यक्रमों और बड़े VVIP आयोजनों में इन्हीं का शामियाना लगाया जाता था। इसके अलावा, तारामंडल रोड पर उनका ‘FIVE SENSES’ नाम से एक आलीशान होटल, बैंक्वेट हॉल और रेस्टोरेंट भी है। 2012 में दीपाली श्रीवास्तव से उनकी शादी हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे (8 और 10 साल) हैं।
आत्महत्या की वजह अभी भी रहस्य, सदमे में परिवार
एक सफल और रसूखदार कारोबारी के इस तरह आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पार्क रोड स्थित उनके आवास पर शुभचिंतकों और वीआईपी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। हर कोई इस बात से हैरान है कि करोड़ों के टर्नओवर और खुशहाल परिवार के मालिक अमरीश को ऐसी क्या परेशानी थी कि उन्होंने मौत को गले लगा लिया। पुलिस का कहना है कि वे आर्थिक और पारिवारिक समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं।













