गोरखपुर : कैंडल मार्च निकाल कर मृतका को दी श्रद्धांजलि, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

गोरखपुर। नवविवाहिता रुख़सार के हत्यारोपियों को फांसी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिला और पुरुषों ने कैंडल मार्च निकाल कर विरोध प्रकट करते हुये पुलिस को ज्ञापन सौंपा

बता दें कि विगत 26 मार्च को उपनगर बड़हलगंज के नौशहरा मुहल्ला निवासी रुख़सार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उपनगर के ही पण्डितपुरा निवासी उसके मायके के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज के खातिर प्रताड़ना के बाद उसकी हत्या कर देने का आरोप लगाते हुये स्थानीय थाने पर शिकायत दर्ज कराया था, जिस पर कार्यवाही करते हुये पुलिस ने रुख़सार के ससुराल वालों को पकड़ कर थाने पर लाया तो था लेकिन दूसरे ही दिन सबको छोड़ भी दिया। इस पुलिसिया कार्यवाही को लेकर नगर में जबरदस्त क्षोभ का माहौल बना था।

पीड़िता की माँ ने गोरखपुर जाकर एसएसपी के भी समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त किया था, जिस पर उसे कार्यवाही का आश्वासन तो मिला लेकिन लोकल स्तर पर कोई कार्यवाही प्रगति पर नही दिखी। जिसके विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में लोगों ने सदर डा. एम शमीम और पीड़िता की माँ के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला और मृतका की आत्मशांति की प्रार्थना के साथ दोषियों को फांसी दिये जाने की मांग किया।कोरोना महामारी के संकट के बाद भी रुख़सार को न्याय की मांग को लेकर सडक़ पर उतर पड़ी महिला और पुरुषों की संख्या को लेकर पुलिस के माथे पर बल पड़ गये, पुलिस ने कैंडल मार्च के नेतृत्व कर रहे लोगों को कानून का भय दिखा कर अर्दब में लेने की कोशिश भी किया लेकिन जनदबाव के आगे उसकी एक नही चली। उपनगर के पण्डितपुरा से निकला कैंडल मार्च सोती चौराहा, गोला रोड, लेटाघाट, होते हुये जामा मस्जिद पर पहुँच कर सम्पन्न हुई।

ज्ञापन देने वालों में कृष्ण कुमार राय, मोनू अंसारी, संजय सोनकर, इशरार अहमद, अंजू अजीम, अन्ना, फ़जल अंसारी, अशरफ, नुमान, अनिल, मुमताज, शकील सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। वही कैंडल मार्च में सैकड़ों के संख्या में बुर्का नसीन महिलाओं के साथ युवक, युवतियों ने दहेज को अभिशाप बताते हुये रुख़सार को न्याय दिये जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

खबरें और भी हैं...