
महमूदपुर सिखेड़ा में हुई घटना, लाखों का कीमती सामान हुआ भस्म
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ।बहसूमा सोमवार को दिनभर चली तेज हवाओं के कारण थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम महमूदपुर सिखेड़ा में आधा दर्जन झोपड़ियां जलकर राख हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस दौरान किसी भी झोपड़ी में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था।
बताते चले कि क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर से खेड़ा में स्थित सपेरा बस्ती में बनी आधा दर्जन झोपड़ियों में किसी कारणवश आग लग गई। हवा तेज होने के कारण आग कुछ ही देर में दूर तक फैल गई। जिससे झोपड़ियों के अंदर रखा सभी सामान जलकर राख हो गया। आगजनी वाले स्थान से कुछ दूरी पर चल रही ट्यूबवेल से ग्रामीणों ने पानी लाकर किसी तरह आग पर काबू पाया। जिस दौरान आग लगी उसी समय समीप के एक बाग में टैंकर द्वारा छिड़काव किया जा रहा था। ग्रामीणों ने इस टैंकर की मदद लेकर आग पर पानी का काफी देर तक छिड़काव किया, जिससे आग काफी हद तक बुझ गई।
ग्रामीणों ने छिड़काव कर पाया काबू
पीड़ित टीकम, पीतम, संजय, राजेश, महिंद्र, सारा, अशोक, शेरा सिंह ने बताया कि उन्हें आग लगने का पता तब चला, जब उनकी झोपड़िया धू-धू कर जलने लगी। शुरू में तो उनके हाथ पांव फूल गए लेकिन, बाद में मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह पानी का छिड़काव करते हुए आग पर काबू पा लिया।
ये बोले थाना प्रभारी
घटनास्थल पहुंचे थाना प्रभारी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया, झोपड़ियों में रखा सारा सामान तो जल गया लेकिन, किसी भी व्यक्ति को जान का खतरा नहीं हुआ।













