बंगाल में सत्ता पलटते ही ‘बेवफा’ हुई कोलकाता पुलिस? ममता-अभिषेक को किया अनफॉलो, अब इन्हें कर रही फॉलो

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आए ‘महा-परिवर्तन’ ने न केवल सत्ता के गलियारे, बल्कि महकमों के तेवर भी बदल दिए हैं। राज्य की सत्ता से ममता बनर्जी का पत्ता साफ होते ही अब प्रशासन और पुलिस के रुख में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी ममता बनर्जी की सबसे भरोसेमंद मानी जाने वाली कोलकाता पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपनी ‘वफादारी’ बदल ली है। नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले ही कोलकाता पुलिस ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को अनफॉलो कर सबको चौंका दिया है।

सोशल मीडिया पर ‘सियासी सर्जिकल स्ट्राइक’

जैसे ही चुनाव परिणामों ने बंगाल में सत्ता परिवर्तन की मुहर लगाई, कोलकाता पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर हलचल तेज हो गई। पुलिस ने न केवल निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को अपनी फॉलोइंग लिस्ट से बाहर किया, बल्कि अब उनकी जगह भाजपा के दिग्गज नेताओं ने ले ली है। कोलकाता पुलिस अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बंगाल चुनाव के ‘जायंट किलर’ सुवेंदु अधिकारी को फॉलो कर रही है।

नंदीग्राम का इतिहास भवानीपुर में दोहराया

साल 2026 के विधानसभा चुनाव बंगाल के इतिहास में बड़े उलटफेर के तौर पर दर्ज हो गए हैं। सुवेंदु अधिकारी ने एक बार फिर खुद को बंगाल का सबसे बड़ा योद्धा साबित किया है। उन्होंने नंदीग्राम के साथ-साथ ममता बनर्जी के गढ़ भवानीपुर में भी सेंध लगा दी। सुवेंदु ने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को 15,000 से अधिक वोटों के अंतर से शिकस्त दी, जिसने टीएमसी के मनोबल को पूरी तरह तोड़ दिया।

15 साल के ‘दीदी’ शासन का अंत

इन चुनावों में भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस महज 80 सीटों पर सिमट कर रह गई। वामपंथियों के 34 साल और फिर टीएमसी के 15 साल के शासन के बाद बंगाल की जनता ने एक बार फिर ‘पोरीबोरतोन’ (बदलाव) को चुना है। सत्ता बदलते ही पुलिस महकमे के इस डिजिटल बदलाव को लोग ‘उगते सूरज को सलाम’ करने जैसा बता रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment