
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है। सरसौल के महाराजपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय कक्षा नौ की छात्रा अंजलि ने घर के जीने में लगी सरिया से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जिस बेटी ने चंद मिनट पहले बेहद प्यार और जिद के साथ अपने पिता को अपने हाथों से खाना खिलाकर काम पर भेजा था, उसके इस खौफनाक कदम से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के कारणों का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।
मां गाय को चारा डालने गई और सूने घर में अंजलि ने लगा लिया फंदा
घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र के तिलसहरी खुर्द गांव के मजरा कनवापुर की है। गांव निवासी मजदूर संजय पाल की बेटी अंजलि पास के ही एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे जब पिता काम पर जा चुके थे और मां अनीता बाहर गाय को चारा डालने गई थीं, तभी सूने घर का फायदा उठाकर अंजलि ने जीने में लगी लोहे की सरिया से साड़ी बांधकर फांसी लगा ली। मां जब चारा डालकर वापस लौटीं तो बेटी का शव फंदे से लटकता देख उनकी चीख निकल गई। मां के बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए।
‘पापा आज मैं अपने हाथ से खाना खिलाऊंगी’: पिता का रो-रोकर बुरा हाल
बेटी के इस अप्रत्याशित कदम से स्तब्ध पिता संजय पाल ने रोते हुए बताया कि काम पर निकलने से पहले अंजलि ने घर में खाना बनाया था। खाना तैयार होने के बाद उसने बड़े प्यार से जिद करते हुए कहा था कि ‘पापा आज मैं आपको अपने हाथों से खाना खिलाऊंगी।’ पिता ने बेटी के हाथों से खाना खाया और उसे दुलार कर मजदूरी के लिए निकल गए। लेकिन उन्हें क्या पता था कि बेटी के हाथों का यह निवाला उनकी जिंदगी का सबसे दर्दनाक अहसास बन जाएगा।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, आत्महत्या की वजह अब भी रहस्य
मृतका अंजलि अपने पीछे दो भाइयों और माता-पिता को रोता-बिलखता छोड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से काफी पूछताछ की, लेकिन अंजलि के इस कदम के पीछे की वजह का सुराग नहीं लग सका है। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह के मुताबिक किशोरी के आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








