Hisar Murder Case: हिसार में सनसनीखेज वारदात, 5 साल से लिव-इन में रह रही महिला की बॉयफ्रेंड ने चाकू गोदकर की हत्या, फिर खुद पहुंचा थाने…

हिसार। हरियाणा के हिसार जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के शिवनगर इलाके में पिछले 5 साल से लिव-इन रिलेशनशिप (Live-in Relationship) में रह रही एक 32 वर्षीय महिला की उसके ही पार्टनर ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचा और सरेंडर करते हुए कहा— “मैंने अपनी पार्टनर का मर्डर कर दिया है।” आरोपी की बात सुनकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने फौरन मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

तीन बच्चों की मां थी मृतका, 5 साल से रह रहे थे साथ

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान 32 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है। पूजा पिछले करीब पांच साल से हिसार के शिवनगर इलाके में 28 वर्षीय गौरव नाम के युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। बताया जा रहा है कि पूजा की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और उसके तीन बच्चे भी हैं। दूसरी शादी टूटने के बाद वह अपने बच्चों को छोड़कर गौरव के साथ किराए के मकान में रहने लगी थी।

आधी रात को हुआ खूनी विवाद, गले और पेट पर किए ताबड़तोड़ वार

शुरुआती पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि गौरव ने आपा खो दिया और घर में रखे चाकू से पूजा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने पूजा के गले, पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए। घाव इतने गहरे थे कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण पूजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सुबह खुद पुलिस चौकी पहुंचा कातिल, कबूला अपना गुनाह

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रातभर शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह खुद सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी का बयान सुनते ही पुलिस टीम तुरंत शिवनगर स्थित उस किराए के मकान पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलने पर अंदर पूजा का लहूलुहान शव पड़ा मिला। पुलिस ने तुरंत क्राइम सीन को सील कर फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए।

शक के चलते हुआ मर्डर, ई-रिक्शा चलाता है आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी गौरव ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है और वे दोनों करीब दो महीने पहले ही इस नई कॉलोनी में किराए पर रहने आए थे। आरोपी ने दावा किया कि उसे शक था कि पूजा पिछले कुछ महीनों से किसी दूसरे व्यक्ति के संपर्क में थी और उससे छिपकर बातें करती थी। इसी शक की वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था और बुधवार रात को भी इसी बात पर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।

मृतका की मां ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस कर रही जांच

दूसरी तरफ, मृतका पूजा की मां संगीता ने आरोपी गौरव पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। मां का कहना है कि गौरव उनकी बेटी से गलत काम करवाता था और अवैध गतिविधियों में लिप्त था। उन्होंने यह भी दावा किया कि ई-रिक्शा चलाने वाले गौरव ने बहुत कम समय में आलीशान मकान और प्लॉट खरीद लिए थे, जिसकी जांच होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की सघन जांच की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है और आरोपी पुलिस हिरासत में है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment