लखनऊ में ऑनर किलिंग: पिता ने ही रची बेटी की हत्या की साजिश, दोस्त संग मिलकर पहले गला घोंटा, फिर तेजाब से जलाया चेहरा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ही अपनी बेटी का काल बन गया। लोक-लाज और ‘बेटी की हरकतों’ से परेशान होने का हवाला देते हुए एक कलयुगी पिता ने अपने दोस्त के साथ मिलकर न केवल अपनी बेटी की जान ली, बल्कि उसकी पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर तेजाब भी डाल दिया। चिनहट थाना पुलिस ने सोमवार को इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए आरोपित पिता और उसके सहयोगी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा पुलिस को देता रहा झांसा

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) दीक्षा शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चिनहट के इमलीबाथम निवासी विजय चौबे ने बीते 16 अप्रैल को अपनी बेटी के गायब होने की शिकायत आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर दर्ज कराई थी। पुलिस जब मामले की जांच के लिए उसके घर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए, तो पिता की बातों में विरोधाभास नजर आया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पड़ोसी जिले बाराबंकी में एक अज्ञात युवती का शव मिला है, जिसका चेहरा बुरी तरह तेजाब से जला हुआ था।

झाड़-फूंक के बहाने ले गया और रास्ते में कर दी हत्या

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपित विजय चौबे टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपनी बेटी से नाराज था और उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। घटना वाले दिन वह ‘झाड़-फूंक’ कराने और राजस्थान घूमने के बहाने बेटी को कार में बैठाकर घर से निकला। रास्ते में उसने अपने दोस्त मन्नान को भी साथ ले लिया। बाराबंकी के पास सुनसान सड़क देख दोनों ने कार रोकी और गमछे से गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी।

पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर डाला एसिड

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। युवती की पहचान न हो सके, इसलिए उन्होंने उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया और शव को फेंक कर फरार हो गए। खुद को कानून की नजरों में बेगुनाह साबित करने के लिए विजय ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी ताकि पुलिस को उस पर शक न हो। हालांकि, पुलिस की जमीनी जांच और सबूतों ने उसकी चालाकी को नाकाम कर दिया।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल गमछा और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने पिता विजय कुमार चौबे और उसके साथी मन्नान को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने की धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha