गोंदिया-बालाघाट हाईवे पर खौफनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो को मारी टक्कर, 3 साल के बच्चे समेत 6 मजदूरों की मौत; 7 गंभीर

गोंदिया। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में सोमवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गोंदिया-बालाघाट राज्य महामार्ग पर नागरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी बोलेरो गाड़ी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण हादसे में तीन साल के एक मासूम बच्चे सहित कुल छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए गोंदिया के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मजदूरी के लिए हैदराबाद जा रहे थे पीड़ित, चीख-पुकार से दहला इलाका

गोंदिया ग्रामीण पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर और लांजी तहसील के विभिन्न गांवों के मजदूर अपने परिवारों के साथ बोलेरो (MP-15 T 3495) में सवार होकर मजदूरी के लिए तेलंगाना के हैदराबाद जा रहे थे। सोमवार रात करीब 11:30 बजे जब उनकी गाड़ी गोंदिया शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर नागरा गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक (MH-35 AJ-2547) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव, पुलिस ने चलाया बचाव अभियान

जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। बोलेरो के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण कई यात्री वाहन के मलबे में बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। फंसे हुए शवों और घायलों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया।

ट्रक चालक पर BNS की धाराओं में केस दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने हादसे में घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे के बयान के आधार पर आरोपी ट्रक चालक मोहसिन खान (32) के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा है। गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106(1), 125(A), 125(B) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के मार्गदर्शन में महिला सहायक पुलिस उपनिरीक्षक वर्षा नैताम हादसे के कारणों और चालक की लापरवाही की गहन जांच कर रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha