केरल के अट्टाप्पडी में मां-बेटे की खौफनाक हत्या: लाश के टुकड़े कर बोरियों में भरे और नदी में फेंके; पश्चिम बंगाल से आरोपी प्रवथ दास गिरफ्तार

पलक्कड़  । केरल के पलक्कड़ जिले के अट्टाप्पडी इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सिरफिरे शख्स ने 25 वर्षीय महिला और उसके 4 वर्षीय मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपी ने दोनों के शवों को टुकड़ों में काटा, बोरियों में ठूंसकर भवानी नदी में फेंक दिया और मौका-ए-वारदात से फरार होकर पश्चिम बंगाल भाग गया। हालांकि, पलक्कड़ पुलिस की विशेष टीम ने दो दिनों के भीतर तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी प्रवथ दास को पश्चिम बंगाल से दबोच लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

भवानी नदी के किनारे बोरियों में मिले थे शव के टुकड़े, मवेशी चराने वालों ने दी सूचना

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा 6 सितंबर को हुआ, जब चीरक्कडावु इलाके में भवानी नदी के किनारे स्थानीय लोगों ने तीन संदिग्ध बोरियां देखीं। मवेशी चराने पहुंचे ग्रामीणों ने जब बोरियों से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी, तो मौके पर पहुंची टीम के होश उड़ गए। बोरियों के भीतर क्षत-विक्षत मानव अंग भरे हुए थे। पुलिस जांच और आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी प्रणिता (25) और उसकी मासूम बेटी जोहिता (4) के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्रूरता का खुलासा: मां के सिर पर धारदार हथियार से वार, बच्चे का घोंटा गला

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस हत्या की भीषण क्रूरता को उजागर किया है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रणिता के सिर पर किसी भारी और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए गए थे, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि 4 साल की बच्ची की हत्या गला घोंटकर की गई थी। इसके बाद आरोपी ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से दोनों के शवों को आरी या धारदार हथियार से कई टुकड़ों में काटा और बोरियों में बंद करके भवानी नदी में बहा दिया। पुलिस को आशंका है कि इस जघन्य कांड को नदी के आसपास ही अंजाम दिया गया था।

दुकान की बोरी से मिला कातिल का सुराग, बागान में काम करता था आरोपी

जांच अधिकारियों को कातिल तक पहुंचाने में वही बोरी सबसे बड़ा जरिया बनी, जिसमें शवों को छुपाया गया था। जांच में सामने आया कि उन बोरियों का इस्तेमाल कोयंबटूर से अट्टाप्पडी के कोट्टाथारा स्थित एक स्थानीय दुकान में सामान की सप्लाई के लिए किया गया था। इस सुराग के आधार पर जब पुलिस ने आसपास के इलाके में पूछताछ की, तो पता चला कि प्रवथ दास करीब एक महीने पहले ही बागान मजदूर के रूप में अट्टाप्पडी आया था और प्रणिता के साथ रह रहा था।

बंगाल भाग निकला था आरोपी, पुलिस की स्पेशल टीम ने दबोचा

वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी प्रवथ दास केरल छोड़कर पश्चिम बंगाल भाग गया था। पलक्कड़ पुलिस के सब-इंस्पेक्टर एच. हर्षद के नेतृत्व में तीन सदस्यीय विशेष टीम ने बंगाल में छापेमारी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दास ने दावा किया कि प्रणिता उसकी पत्नी नहीं थी और वह उसे महज दो महीने से जानता था। फिलहाल पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर केरल लाकर हत्या के मुख्य कारणों, अवैध संबंधों और साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha