उमरिया: उमरिया जिले के भरौला गांव में सिद्ध बाबा मंदिर के पास बुधवार देर रात एक अत्यंत दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहाँ एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच इतनी भीषण भिड़ंत हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। दुर्घटना में दो महिलाओं सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कार में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, यहाँ तक कि एक मृत युवक के शव को वाहन काटकर बाहर निकाला जा सका।
सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे परिसर में मातम छा गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर बहाल कराया।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को वजह माना जा रहा है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया है जिसकी तलाश जारी है, वहीं पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और गति सीमा में रहने की अपील की है।











