
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के रतनपुरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों के रास्ते का कांटा हटाने के लिए एक पत्नी ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पति को अपनी पत्नी के अवैध संबंधों की भनक लग चुकी थी और वह लगातार दोनों के मिलने-जुलने में बाधा बन रहा था, जिससे तंग आकर पत्नी ने खौफनाक कदम उठाया और प्रेमी के साथ मिलकर मौत की साजिश रच डाली।
नशीला दूध पिलाकर सुलाई मौत की नींद
पुलिस के मुताबिक वारदात 7 सितंबर की रात की है। अगले दिन यानी 8 सितंबर को जब एक संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसकी पहचान शाकिब के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी पत्नी तबस्सुम ने अपने प्रेमी और रिश्ते में ननदोई लगने वाले शाहरुख से नशीला पदार्थ मंगवाया था। इसके बाद उसने रात के वक्त शाकिब को दूध में नशीली गोलियां मिलाकर पिला दीं, जिसे पीने के बाद शाकिब गहरी नींद में सोया और फिर कभी नहीं उठ सका।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ से खुला राज
घटना के बाद परिजनों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि शाकिब की मौत दूध में दी गई जहरीली दवाओं या नशीले पदार्थों के ओवरडोज की वजह से हुई है। शक की सुई जब पत्नी तबस्सुम पर घूमी तो पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी महिला पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई बरती तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरी साजिश से पर्दा उठा दिया। पत्नी के खुलासे के बाद पुलिस ने उसके प्रेमी शाहरुख को भी धर दबोचा।
एसएसपी ने किया मामले का पर्दाफाश
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने इस सनसनीखेज वारदात का आधिकारिक खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला और उसका प्रेमी पिछले करीब दो साल से अवैध संबंधों में लिप्त थे। जब शाकिब को इस अवैध रिश्ते की सच्चाई पता चली तो उसने इसका विरोध करना शुरू कर दिया और दोनों के बीच दीवार बन गया। इसी रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर शाकिब को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।











