‘यूपी में कोई चोरी करेगा तो अगले दिन लंगड़ा हो जायेगा’, CM योगी ने अपराधियों को दी चेतावनी; सपा पर भी साधा निशाना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कृषि विभाग में नवनियुक्त 3,446 टेक्निकल असिस्टेंट और 126 मार्केट सेक्रेटरी को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और किसानों की स्थिति को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए अपराधियों को कड़ी चेतावनी भी दी।

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले किसानों के खेतों से मोटर चोरी हो जाती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं होता। उन्होंने कहा कि अपराधियों को पता है कि अगर चोरी करेंगे तो अगले दिन उसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले सरकार ही मोटर चोरी करवाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय चोरी करवाने वाले कोई और नहीं, बल्कि सत्ता में बैठे लोग ही थे।

‘हमने माफिया की कमर तोड़ी’

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने पहले दिन से ही अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल माफिया और विभिन्न संस्थानों में सक्रिय माफिया के खिलाफ भी कार्रवाई की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए माफिया की संपत्तियां जब्त कराईं और उनसे वसूली भी कराई। उन्होंने कहा कि सरकार अपराधियों और माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।

‘गन्ना किसानों के खाते में भेजे 3.25 लाख करोड़’

कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अलग-अलग चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का वर्ष 2009 से बकाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 2007 से 2017 के बीच तत्कालीन सपा और बसपा सरकारों ने 29 चीनी मिलों को बंद किया और 21 मिलों को कम कीमत पर बेच दिया।

योगी ने गोरखपुर मंडल की एक चीनी मिल का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस मिल का स्क्रैप ही करीब 10 करोड़ रुपये का था, उसे महज 3 करोड़ रुपये में बेच दिया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तक गन्ना किसानों के खातों में 3.25 लाख करोड़ रुपये सीधे DBT के जरिए भेजे जा चुके हैं।

कृषि विकास दर 8 से बढ़कर 18 प्रतिशत हुई

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने कृषि विकास दर को 8 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत तक पहुंचाने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों के हित में लगातार काम किया जा रहा है और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

14 दिन में पूरी हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि अब यूपी बोर्ड की परीक्षाएं महज 14 दिनों में पूरी हो रही हैं। इसके बाद अगले 14 दिनों में परीक्षा परिणाम भी घोषित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के चलते प्रदेश का युवा एक महीने से भी कम समय में अपना परीक्षा परिणाम प्राप्त कर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha