वाराणसी में नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर 250 युवक-युवतियों को बनाया बंधक, पुलिस ने कराया मुक्त; 20 हिरासत में

वाराणसी : वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर कथित तौर पर 250 युवक-युवतियों को बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी युवक-युवतियों को मुक्त कराया और मामले में 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिछले करीब एक महीने से नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर युवाओं को जोड़ने का काम चल रहा था। आरोप है कि युवाओं से कंपनी में ज्वाइनिंग के नाम पर प्रति व्यक्ति 20-20 हजार रुपये वसूले जाते थे। इसके बाद उन्हें शैंपू, साबुन और अन्य घरेलू उत्पादों की बिक्री के नाम पर नेटवर्क तैयार करने के लिए प्रेरित किया जाता था।

बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क में उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार और झारखंड के भी बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल थे। आरोप है कि उन्हें परिसर में रोककर रखा गया था, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची।

सूचना मिलने पर रोहनिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए सभी युवक-युवतियों को मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में 20 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नेटवर्क मार्केटिंग की आड़ में कहीं ठगी, अवैध रूप से बंधक बनाकर रखने या अन्य आपराधिक गतिविधियों को तो अंजाम नहीं दिया जा रहा था।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment