
एशियाई खेलों में भारतीय एथलीटों ने अपने शानदार प्रदर्शन से बढ़त बनाना जारी रखा है. महिला हॉकी के मुकाबले में भारतीय टीम ने एकतरफा खेल दिखाते हुए उज्बेकिस्तान की टीम को 16-0 के विशाल अंतर से पराजित किया. हाफटाइम तक 8-0 की मजबूत बढ़त बनाने के बाद भारतीय फॉरवर्ड्स ने दूसरे हाफ में भी गोलों की झड़ी लगा दी. स्टार खिलाड़ी दीपिका ने मैच में अकेले 7 गोल (8वें, 22वें, 26वें, 33वें, 37वें, 38वें और 41वें मिनट) दागकर भारत की एकतरफा जीत की पटकथा लिखी. उनके अलावा ईशिका और नेहा ने 2-2 गोल किए, जबकि लालरेमसियामी, बलजीत कौर, लालथानलुआंगी, साक्षी राणा और रुतुजा पिसल ने 1-1 गोल कर भारत की ऐतिहासिक जीत में योगदान दिया.
सुचिका तरियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भारत का पहला पदक किया पक्का मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) के रिंग से भारत के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी आई है. भारत की सुचिका तरियाल ने महिला क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मंगोलिया की खिलाड़ी अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. सेमीफाइनल में जगह बनाने के साथ ही सुचिका ने भारत के लिए इस प्रतियोगिता में कम से कम कांस्य पदक (Bronze Medal) पक्का कर लिया है, जो कि भारत का इस स्पर्धा में पहला पदक होगा. हालांकि, भारतीय खेमे को सुचिका से स्वर्ण पदक जीतने की पूरी उम्मीद है.
तैराकी अपडेट: पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में पहुंचे ऋषभ दास तैराकी के मुकाबलों में भारत का मिला-जुला दिन रहा. पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में भारतीय तैराक ऋषभ दास ने हीट्स के संयुक्त परिणाम में 5वां स्थान हासिल करते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है. वहीं दूसरी ओर, पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट्स में भारत के बेनेडिक्टन बेनिस्टन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह 12वें स्थान पर रहे. बेनेडिक्टन अब रिजर्व सूची में हैं और केवल तभी फाइनल में पहुंच पाएंगे जब कोई अन्य तैराक अपना नाम वापस लेगा.












