पिता की हैवानियत : तीन मासूम बच्चियों को हथौड़े से किया मरणासन्न, फिर जलाया, मौत

ललितपुर । ललितपुर में मंगलवार तड़के एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात में पिता ने अपनी तीन मासूम बच्चियों को सोते समय पहले हथौड़े से वार कर मरणासन्न कर दिया और फिर जला दिया। घटना में तीनों की मौत हो गई। हत्यारोपी पिता अपनी पत्नी के मायके जाने से नाराज था और इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जनपद के बानपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम वीर निवासी छिदामी कुशवाहा ने मंगलवार सुबह चार बजे कमरे में सो रही तीन बच्चियों पर हथौड़े से हमला कर दिया।

इसके बाद कमरे में रखी रसोई गैस से उन्हें जला दिया। चीख पुकार सुनकर पड़ोसियों ने सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घायल बच्चियों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 11 वर्षीय अंजलि और 7 वर्षीय राधिका को मृत घोषित कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद 3 वर्षीय विषाखा ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी की 5 बेटियां हैं।

पत्नी दो बेटियों के साथ अपने मायके बेलारी गयी हुयी है, इस वजह से आरोपी नाराज चल रहा था। उधर घटना की जानकारी पर जिला चिकित्सालय पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के पीछे एक दिन पूर्व पत्नी के मायके जाने की बात सामने आ रही है, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha