निवेशकों की उड़ गई नींद : सेंसेक्स-निफ्टी की तेज गिरावट से हड़कंप…खुलते ही धड़ाम हुए ये दिग्गज शेयर

– सेंसेक्स-निफ्टी की तेज गिरावट से हड़कंप
– ग्लोबल बाजारों से मिले नकारात्मक संकेत
– खुलते ही धड़ाम हुए ये दिग्गज शेयर

नई दिल्ली । गुरुवार की सुबह निवेशकों के लिए दोहरा झटका लेकर आई। एक तरफ कमोडिटी मार्केट में सोना-चांदी की कीमतें औंधे मुंह गिर पड़ीं, तो दूसरी ओर शेयर बाजार में भी खुलते ही बिकवाली का तूफान देखने को मिला। दो दिन की तेजी के बाद अचानक सेंसेक्स और निफ्टी की रफ्तार थम गई और दोनों प्रमुख सूचकांक भरभराकर टूट गए। बाजार में मची इस भगदड़ ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी।

शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत ही कमजोर रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स अपने पिछले बंद 83,817.69 के मुकाबले 83,757.54 पर खुला, लेकिन कुछ ही मिनटों में गिरावट तेज हो गई। देखते ही देखते सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा लुढ़ककर 83,313 के स्तर तक पहुंच गया।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी दबाव में दिखा। 25,776 के पिछले बंद के मुकाबले 25,755.90 पर खुलने के बाद निफ्टी अचानक 164 अंक टूटकर 25,612.90 के स्तर पर आ गया। भारतीय बाजारों पर विदेशी संकेतों का भी साफ असर पड़ा। गिफ्ट निफ्टी पहले ही 100 अंकों से ज्यादा गिरावट का इशारा कर रहा था।

एशियाई बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली। जापान का निक्केई 500 अंक से ज्यादा टूटा, हांगकांग का हैंग सेंग 350 अंक और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 180 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया। वैश्विक स्तर पर बने निगेटिव सेंटिमेंट ने घरेलू निवेशकों का मनोबल कमजोर कर दिया।

बाजार में आई अचानक गिरावट का असर लगभग सभी सेक्टरों पर पड़ा। लार्जकैप शेयरों में इंडिगो, बीईएल और इटरनल करीब 2 से 2.30 फीसदी तक टूट गए। मिडकैप सेगमेंट में टी इंडिया में 8 फीसदी, डिक्सॉन में 5 फीसदी और यूपीएल में 3 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी बिकवाली रही और रेडिंगटन, टिमकेन तथा एमसीएक्स जैसे शेयर 4 से 5 फीसदी तक टूट गए।

इसके अलावा रिलायंस, बजाज फाइनेंस, अडानी पोर्ट्स, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गज शेयर भी रेड जोन में कारोबार करते नजर आए।

गोल्ड-सिल्वर से कोहराम
शेयर बाजार के साथ-साथ कमोडिटी मार्केट में भी गुरुवार को भारी उथल-पुथल रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना और चांदी की कीमतें खुलते ही क्रैश हो गईं। 5 मार्च एक्सपायरी वाली 1 किलो चांदी की कीमत पिछले बंद के मुकाबले 24,000 रुपये से ज्यादा टूट गई। वहीं 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना भी करीब 2,400 रुपये सस्ता हो गया। एक साथ शेयर बाजार और कमोडिटी मार्केट में आई इस बड़ी गिरावट ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक संकेत, मुनाफावसूली और अनिश्चित आर्थिक माहौल के चलते फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

41 − = 33
Powered by MathCaptcha