IPL 2026…अर्धशतकों का ‘नया सुल्तान : दो बार ‘जीरो’ पर आउट होने के बाद विराट का जोरदार कमबैक, मैदान पर मनाया खाता खोलने का जश्न

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में पिछले दो मैचों से खराब फॉर्म और ‘गोल्डन डक’ (0 पर आउट) का सामना कर रहे विराट कोहली ने आखिरकार कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपना रौद्र रूप दिखाया है। लगातार दो मैचों में खाता न खोल पाने का दबाव कोहली के चेहरे पर साफ था, यही वजह रही कि जैसे ही उन्होंने केकेआर के खिलाफ अपना पहला रन बनाया, मैदान पर उनका जश्न देखने लायक था। उन्होंने हाथ खोलकर इस तरह खुशी मनाई जैसे कोई शतक जड़ा हो।

वैभव अरोड़ा की गेंदों पर बरसे चौके, त्यागी को जड़ा छक्का

एक बार जब विराट का खाता खुला, तो उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने वैभव अरोड़ा के एक ही ओवर में चार चौके जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए। ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर तो उन्होंने चौकों की हैट्रिक लगा दी। हालांकि, छठे ओवर में कार्तिक त्यागी की गेंद पर पॉवेल ने उनका एक आसान सा कैच छोड़ दिया, जिसका फायदा उठाते हुए कोहली ने अगली ही गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़ दिया।

केकेआर के खिलाफ बनाया ‘महा-रिकॉर्ड’

विराट कोहली ने इस मैच में मात्र 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह इस सीजन में उनकी चौथी फिफ्टी है। इसी के साथ वे आईपीएल इतिहास में केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। केकेआर के खिलाफ यह उनकी 9वीं ऐसी पारी थी। इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा, डेविड वॉर्नर और सुरेश रैना जैसे दिग्गजों को एक साथ पछाड़ दिया है।

12वीं बार 400 रनों का आंकड़ा पार, बने आईपीएल के ‘शहंशाह’

विराट कोहली की निरंतरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने आईपीएल के 12 अलग-अलग सीजन में 400 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड कायम कर लिया है। उनके बाद रैना, रोहित और शिखर धवन ने यह कारनामा 9-9 बार किया है। इसके अलावा, कोहली अब आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच (279) खेलने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने एमएस धोनी और रोहित शर्मा के 278 मैचों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment