
30 सितंबर को हुई फ्लाईदुबई (Flydubai) विमान FZ1073 की सनसनीखेज आतंकी साजिश को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि इस खौफनाक हमले के पीछे ईरान की भूमिका हो सकती है। इस घटना में फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर ओमान निवासी को-पायलट हमम अल-हम्मामी ने उड़ान के दौरान क्रैश कुल्हाड़ी (Crash Axe) से जानलेवा हमला कर विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी।
राष्ट्रपति ट्रंप का सीधा आरोप, कहा- मुझे व्यक्तिगत रूप से ईरान पर संदेह
सोमवार को ‘एयर फोर्स वन’ विमान में सवार होते समय जब संवाददाताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति से फ्लाईदुबई घटना में ईरान की संलिप्तता को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में अपनी राय रखी। ट्रंप ने कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से पूरा विश्वास है कि इस साजिश के तार ईरान से जुड़े हुए हैं। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में किसी विशिष्ट खुफिया रिपोर्ट का सार्वजनिक रूप से खुलासा नहीं किया, लेकिन उनके इस बयान ने मध्य-पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की सतर्कता, बोले- CIA निदेशक करेंगे पुष्टि
राष्ट्रपति ट्रंप के बयान से इतर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस मुद्दे पर बेहद नपा-तुला और सतर्क रुख अपनाया है। अलास्का यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपराष्ट्रपति वेंस ने कहा कि अभी तक उनके सामने ऐसे कोई ठोस सबूत नहीं आए हैं जो सीधे तौर पर ईरान का संबंध साबित करते हों। वेंस ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी आधिकारिक निष्कर्ष से पहले जल्दबाजी में टिप्पणी नहीं करना चाहते और इस पूरे मामले का अंतिम आकलन सीआईए (CIA) निदेशक जॉन रैटक्लिफ और खुफिया अधिकारियों पर छोड़ते हैं।
बेन गुरियन एयरपोर्ट पर प्लेन क्रैश करने का था खतरनाक इरादा
जांच एजेंसियों और यूएई के अटॉनी जनरल हमद सैफ अल शम्सी द्वारा जारी बयानों के अनुसार, 29 वर्षीय को-पायलट हमम अल-हम्मामी ने विमान को इजराइल के तेल अवीव स्थित बेन गुरियन एयरपोर्ट या किसी ऊंची इमारत से टकराकर उड़ाने की खौफनाक योजना बनाई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने गाजा संघर्ष के प्रतिशोध में इस आतंकवादी हमले को अंजाम देने का प्रयास किया था।
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी से टला 9/11 जैसा बड़ा हादसा
दुबई से तेल अवीव जा रही इस फ्लाइट में 174 यात्रियों सहित कुल 180 लोग सवार थे। जब विमान 34,000 फीट की ऊंचाई पर था, तब आरोपी ने प्रार्थना का बहाना बनाकर अचानक कैप्टन स्मित मच्छार के सिर पर हमला कर दिया और विमान को तेजी से नीचे की ओर गोता खिलवाने लगा। गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने अदम्य साहस दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद विमान में सवार यात्रियों और दो अन्य पायलटों ने मिलकर आरोपी को काबू में किया और प्लेन को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा।


















