IRS की बेटी का कातिल निकला ‘दरिंदा’: दिल्ली में हत्या से पहले अलवर में किया था रेप, ऑनलाइन गेम की लत ने बनाया अपराधी

नई दिल्ली/अलवर: देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या के मामले में एक ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं। इस सनसनीखेज हत्याकांड का आरोपी राहुल मीणा न केवल एक कातिल है, बल्कि एक शातिर दुष्कर्मी भी निकला। जांच में सामने आया है कि दिल्ली में खून की होली खेलने से महज कुछ घंटे पहले आरोपी ने राजस्थान के अलवर में एक शादीशुदा महिला की अस्मत लूटी थी।

वारदात की टाइमलाइन: रेप के बाद दिल्ली पहुंचकर की हत्या

पुलिस पड़ताल में चौंकाने वाली टाइमलाइन सामने आई है। आरोपी राहुल मीणा मंगलवार को अलवर के राजगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां उसने अपने दोस्त से पारिवारिक काम का बहाना बनाया और दोस्त के घर पहुंच गया। आरोप है कि वहां उसने दोस्त की पत्नी के साथ जबरन दुष्कर्म किया और वहां से एक डुअल सिम मोबाइल चोरी कर दिल्ली की ओर फरार हो गया। अलवर पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर रेप का मामला दर्ज कर लिया है।

खून से सने कपड़े और जूते बदलकर हुआ था फरार

दिल्ली के अमर कॉलोनी स्थित घर में घुसकर राहुल ने युवती की हत्या की। हत्या इतनी बेरहम थी कि आरोपी के कपड़े और जूते खून से सन गए थे। शातिर दिमाग राहुल ने गिरफ्तारी से बचने के लिए घर में ही रखे दूसरे कपड़े और जूते पहने और अपने खून से सने कपड़े वहीं छोड़ दिए। पुलिस ने बताया कि आरोपी को ऑनलाइन गेमिंग का चस्का था, जिसके चलते वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने घर में लूटपाट भी की।

CCTV के एक ‘सुराग’ और 15 टीमों ने 12 घंटे में दबोचा

दिल्ली पुलिस के लिए यह केस किसी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन 12 घंटे के भीतर पुलिस ने उसे द्वारका के एक होटल से धर दबोचा। पुलिस ने जब सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाली, तो एक अजीब बात नजर आई। आरोपी घर के अंदर ‘पीली शर्ट और काली पैंट’ में घुसा था, लेकिन निकलते वक्त उसने ‘सफेद पैंट’ पहन रखी थी और उसके कंधे पर एक काला बैकपैक था।

हुलिए के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि वह पुराना घरेलू सहायक हो सकता है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की 15 टीमों ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और यूपी में छापेमारी की। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया और उसके एक गुप्त मोबाइल नंबर को ट्रैक किया, जिसकी लोकेशन द्वारका में मिली। शाम करीब 6 बजे पुलिस ने होटल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha