
Jalaun : डकोर कस्बे में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव घर के पास स्थित एक कुएं में उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान मनोज वर्मा 35 पुत्र लखन वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मनोज वर्मा शुक्रवार रात अचानक घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने कस्बे के एक कुएं में शव तैरता हुआ देखा, तो हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने फायर ब्रिगेड और फोरेंसिक टीम की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
परिजनों ने बताया कि मनोज पुणे में रहकर पुताई का काम करता था। वह अपने बड़े भाई जगमोहन वर्मा की बेटी की शादी में शामिल होने गांव आया था। शादी 21 जून को संपन्न हो चुकी थी, जिसके बाद से वह गांव में ही रुका हुआ था। मृतक अविवाहित था।
इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। लगभग एक वर्ष पूर्व ही मनोज के छोटे भाई अखिलेश की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। दूसरे बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता लखन वर्मा और मां रामदेही बदहवास होकर घटनास्थल पर ही बेहोश हो गए, जिन्हें ग्रामीणों ने संभाला।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल मृतक के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।
थाना डकोर के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।









