Jalaun : जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आधुनिक तरणताल का लोकार्पण कर जनपदवासियों को खेल अवसंरचना की दी बड़ी सौगात

Jalaun : जालौन जनपद के लिए आज का दिन खेल जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया, जब उत्तर प्रदेश के मा. जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त तरणताल एवं विकसित खेल परिसर का लोकार्पण कर जनपदवासियों को एक बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक स्विमिंग पूल नहीं, बल्कि जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने वाला केंद्र बनेगी। मा. मंत्री ने कहा कि जहां खेल के मैदान आबाद होते हैं, वहां अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण विकसित होता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तरणताल के निर्माण से बच्चों और युवाओं को तैराकी का बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा तथा वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार कर सकेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मा. जल शक्ति मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में खेल अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। “एक मंडल-एक स्पोर्ट्स कॉलेज” और “एक जनपद-एक खेल” जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की खेल नीति ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए रोजगार, सम्मान और पुरस्कार की नई संभावनाएं खोली हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha