नई दिल्ली: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की ने 1 जून को तड़के करीब 2 बजे देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा ‘JEE Advanced 2026’ के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस साल के नतीजों में आईआईटी दिल्ली ज़ोन के छात्रों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में टॉप तीन रैंक पर अपना कब्जा जमाया है।
आईआईटी दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक (AIR 1) हासिल कर देशभर में टॉप किया है। वहीं, छात्राओं की केटेगरी में आरोही देशपांडे ने बाजी मारते हुए देश भर में पहला स्थान हासिल किया है। परीक्षा में शामिल हुए छात्र अब जेईई एडवांस्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
टॉपर्स लिस्ट: शुभम कुमार को मिले 330 अंक, कबीर और जतिन भी चमके
आधिकारिक प्रेस रिलीज के मुताबिक, ऑल इंडिया टॉपर शुभम कुमार ने 360 कुल अंकों में से शानदार 330 अंक प्राप्त कर पहला स्थान झटका है। उनके ठीक पीछे इसी जोन के कबीर छिल्लर और जतिन चाहर रहे। टॉप 3 टॉपर्स के प्राप्तांक इस प्रकार हैं:
-
AIR 1 (शुभम कुमार): 360 में से 330 अंक (IIT दिल्ली जोन)
-
AIR 2 (कबीर छिल्लर): 360 में से 329 अंक (IIT दिल्ली जोन)
-
AIR 3 (जतिन चाहर): 360 में से 319 अंक (IIT दिल्ली जोन)
छात्राओं में टॉप करने वाली आरोही देशपांडे ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कुल 360 अंकों में से 280 अंक हासिल किए हैं।
कितने छात्रों ने दी परीक्षा और कितने हुए सफल? देखें पूरे आंकड़े
इस साल 17 मई को आयोजित हुई जेईई एडवांस्ड परीक्षा में शामिल होने और पास करने वाले छात्रों के आंकड़े भी जारी कर दिए गए हैं, जो इस प्रकार हैं:
| विवरण | संख्या / आंकड़े |
| कुल प्राप्त आवेदन | 1,87,389 |
| परीक्षा में शामिल हुए छात्र | 1,79,694 |
| परीक्षा पास करने वाले कुल छात्र | 56,880 |
| सफल छात्राओं की संख्या | 10,107 |
इस साल परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की तुलना में पास होने वाले उम्मीदवारों का अनुपात काफी बेहतर रहा है। सफल घोषित किए गए ये 56,880 उम्मीदवार अब देश के विभिन्न आईआईटी (IITs) में सीटों के लिए होने वाली जोसा (JoSAA) काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे।
ऑफिशियल वेबसाइट पर ऐसे चेक करें अपना स्कोरकार्ड
जेईई एडवांस्ड 2026 की परीक्षा देने वाले उम्मीदवार अपना रिजल्ट देखने और स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
-
सबसे पहले JEE Advanced की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
-
होमपेज पर दिए गए “JEE Advanced 2026 Result” के लिंक पर क्लिक करें।
-
अब लॉगइन करने के लिए छात्र को अपना रोल नंबर (Roll Number), जन्म तिथि (Date of Birth) और पंजीकृत मोबाइल नंबर (Registered Mobile Number) दर्ज करना होगा।
-
विवरण सबमिट करते ही आपका स्कोरकार्ड स्क्रीन पर आ जाएगा, जिसे आप भविष्य के संदर्भ के लिए डाउनलोड या प्रिंट कर सकते हैं।














