सूर्यकुमार और देविशा के घर गूंजी किलकारी, शादी के 10 साल बाद माता-पिता बना यह मशहूर कपल…इंस्टाग्राम पर शेयर की लाडली की पहली झलक

भारतीय टी20 टीम के कप्तान और दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के घर खुशियों ने दस्तक दी है। सूर्या और उनकी पत्नी देविशा शेट्टी एक प्यारी सी नन्ही परी (बेबी गर्ल) के माता-पिता बन गए हैं। क्रिकेटर ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ यह बड़ी खुशखबरी साझा की, जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है।

इंस्टाग्राम पर शेयर की लाडली की पहली झलक

सूर्यकुमार यादव ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए इंस्टाग्राम पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट साझा किया है। उन्होंने अपनी पत्नी देविशा के साथ एक जॉइंट पोस्ट में अपनी न्यूबोर्न बेबी का हाथ पकड़े हुए एक तस्वीर शेयर की। हालांकि, कपल ने अभी अपनी बेटी का चेहरा दुनिया को नहीं दिखाया है, लेकिन नन्हे हाथों की इस पहली झलक ने ही फैंस का दिल जीत लिया है। सूर्या ने कैप्शन में लिखा, “खिलखिलाती हंसी, प्यार भरी झप्पी और सपनों को साकार करते हुए, हमने आज अपनी नन्ही परी का स्वागत किया है।”

शादी के 10 साल बाद घर आया नन्हा मेहमान

सूर्यकुमार और देविशा की प्रेम कहानी बेहद खास है। कॉलेज के दिनों से साथ रहने वाले इस कपल ने साल 2016 में शादी की थी। शादी के करीब 10 साल बाद उनके जीवन में इस नन्हे मेहमान का आगमन हुआ है। देविशा को अक्सर मैदान पर सूर्या का हौसला बढ़ाते हुए देखा जाता रहा है और क्रिकेट जगत में उन्हें सूर्या का सबसे बड़ा सपोर्ट सिस्टम माना जाता है। अब इस नए फेज को लेकर दोनों की खुशी का ठिकाना नहीं है।

सेलेब्स और फैंस ने लुटाया प्यार

जैसे ही सूर्या ने पिता बनने की खबर साझा की, खेल और मनोरंजन जगत की दिग्गज हस्तियों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। सारा तेंदुलकर, अभिनेता राजकुमार राव, अथिया शेट्टी, मशहूर शेफ रणवीर बरार और क्रिकेटर दीपक चाहर सहित कई नामचीन हस्तियों ने कमेंट सेक्शन में कपल पर प्यार बरसाया है। फैंस अपने पसंदीदा ‘मिस्टर 360’ को जीवन की इस सबसे बड़ी पारी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha