Kanpur : धरने के बाद जागा प्रशासन, गैस पाइपलाइन की बाधा हटाकर खुलवाई जलनिकासी; नौगवां के ग्रामीणों को राहत

 

  • 20 घरों में घुसा था पानी, महिलाओं-बच्चों संग पंचायत भवन में धरने पर बैठे थे ग्रामीण।
  • अपना दल (एस) के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश शुक्ला की पहल पर एसडीएम के निर्देश से राजस्व, पुलिस, चकबंदी, विकास विभाग व गैस कंपनी ने संयुक्त कार्रवाई कर नाला खुदवाया और पुलिया बनवाई।

Sarsaul, Kanpur : सरसौल विकासखंड के हरचंदखेड़ा ग्राम पंचायत के मजरा नौगवां में जलभराव को लेकर ग्रामीणों का धरना आखिरकार असरदार साबित हुआ। अपना दल (एस) के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश शुक्ला की पहल और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नरवल विवेक कुमार मिश्रा के निर्देश पर प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर गैस पाइपलाइन की तकनीकी बाधा दूर कराई, नाला खुदवाया और पुलिया का निर्माण कर जलनिकासी बहाल करा दी। देर शाम तक पानी का बहाव शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

विकासखंड सरसौल की ग्राम पंचायत हरचंदखेड़ा के मजरा नौगवां में पिछले एक सप्ताह से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। आंशिक बारिश के बाद करीब 20 घर पानी से घिर गए थे, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीण महिलाएं और बच्चों के साथ शुक्रवार को पंचायत भवन में धरने पर बैठ गए।

धरने की सूचना भाजपा बूथ अध्यक्ष सुभाष पाण्डेय और मंडल संयोजक अनुराग सिंह ने अपना दल (एस) के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश शुक्ला को दी। मौके पर पहुंचे उमेश शुक्ला ने एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा से वार्ता कर तत्काल जलनिकासी कराने की मांग की। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार, कानूनगो आर.के. तिवारी, लेखपाल मोहम्मद अता हुसैन, पंचायत सचिव, राजस्व, पुलिस, चकबंदी एवं विकास विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

निरीक्षण के दौरान गैस पाइपलाइन जलनिकासी में बड़ी बाधा बनकर सामने आई। इसके बाद गैस कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को बुलाकर आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी कराई गई। उनकी मौजूदगी में नाला खुदवाया गया तथा पुलिया का निर्माण कराया गया, जिससे पानी निकासी का रास्ता पूरी तरह खोल दिया गया। देर शाम तक नाले से पानी का बहाव शुरू हो गया और गांव में भरा पानी तेजी से निकलने लगा। प्रशासन की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।

एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयास से जलनिकासी की समस्या का समाधान करा दिया गया है। वहीं उमेश शुक्ला ने कहा कि ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर नौगवां में पक्के नाले के निर्माण की मांग की है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment