कानपुर देहात। झींझक के सुभाष नगर इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भारतीय सेना के एक जवान का शव उनके ही घर के बंद कमरे में अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। जवान का शव नग्न अवस्था में जमीन पर पड़ा था और पास ही खून के धब्बे बिखरे हुए थे। घटनास्थल से जहरीले पदार्थ की शीशी, सिरिंज और शराब की बोतल भी बरामद हुई है। मृतक के परिजनों ने पत्नी पर संपत्ति के लालच में हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
15 दिन पहले छुट्टी पर आए थे जवान, बंद कमरे में मिला शव
मूल रूप से औरैया जिले के दिबियापुर (मुरली पुरवा) निवासी आनंद उर्फ सुवेंद्र सिंह चौहान (38) सेना में तैनात थे और वर्तमान में महाराष्ट्र के अहमदनगर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह करीब 15 दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। वह झींझक के सुभाष नगर में पत्नी निधि और दो बेटों, देव व वेद के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक की पत्नी ने अपनी ससुराल में सूचना दी कि कमरा दो दिनों से बंद है और भीतर से तेज दुर्गंध आ रही है।
30 लाख का फंड और प्लॉट का विवाद: परिजनों ने जड़े आरोप
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मृतक के भाई राजेंद्र प्रताप सिंह और परिजनों ने घटनास्थल का मंजर देखकर हत्या की आशंका जताई। भाई का आरोप है कि सुवेंद्र और उनकी पत्नी के बीच रुपयों को लेकर अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि सुवेंद्र ने हाल ही में करीब 30 लाख रुपये का फंड निकाला था और एक प्लॉट भी बेचा था। परिजनों का दावा है कि इसी रकम को हड़पने के लिए पत्नी और उसके मायके वालों ने मिलकर जवान की जान ली है। मृतक की मौसी ने भी कमरे में फैले खून के निशानों को देखते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है।
पुलिस की रडार पर पत्नी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कई संदिग्ध बिंदुओं पर गौर किया है। शव की स्थिति और घटनास्थल से मिली सामग्री कई सवाल खड़े कर रही है। सीओ संजय सिंह ने बताया कि मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। संदिग्ध आचरण के चलते पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का असली कारण जहर है, अत्यधिक नशा या कुछ और, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।











