
बर्थडे से पहली रात पिता से मांगा था गिफ्ट
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के गुजैनी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वरुण विहार निवासी 21 वर्षीय कृपा कुमारी ने अपने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका का शनिवार (12 सितंबर) को जन्मदिन था। घटना से कुछ ही घंटे पहले गुरुवार रात वह अपने पिता प्रेम कुमार के पास बैठी थी और दुलार से पूछा था, “पापा इस बार अपनी लाडली को क्या गिफ्ट दोगे?” पिता जब तक अपनी इकलौती बेटी के लिए किसी अच्छे उपहार के बारे में सोचते, उससे पहले ही उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस के बाहर अपनी बेटी के आखिरी शब्दों को याद कर पिता फूट-फूटकर रो पड़े।
देर रात ऊपर वाले कमरे में जाकर लगाया फंदा पिता प्रेम कुमार (प्राइवेट कर्मी) के अनुसार, परिवार में पत्नी राधा और दो बेटों आयुष व संजय के अलावा कृपा उनकी इकलौती बेटी थी। 12 सितंबर को कृपा और उसके भतीजे मयंक का जन्मदिन एक साथ मनाया जाता था। गुरुवार रात पूरा परिवार हंसी-खुशी बात करने के बाद सोने चला गया। देर रात कृपा उठकर घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में चली गई और दुपट्टे के सहारे पंखे से फंदा लगा लिया। शुक्रवार सुबह जब वह बिस्तर पर नहीं दिखी तो परिजन तलाशते हुए ऊपर पहुंचे। दरवाजा बंद होने पर जब कोई आवाज नहीं आई, तो परिजनों ने कुंडी तोड़ी। अंदर कृपा का शव लटकता देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मोहल्ले में नहीं था ज्यादा आना-जाना, पुलिस को मोबाइल भी नहीं मिला गुजैनी थाना इंस्पेक्टर राजन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि परिवार का मोहल्ले में किसी से अधिक आना-जाना नहीं था और उनके मकान का मुख्य गेट अक्सर बंद रहता था। मृतका मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करती थी। परिजनों के मुताबिक, कृपा ने किसी तरह 10वीं बोर्ड पास की थी और 11वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी क्योंकि उसका पढ़ाई में मन नहीं लगता था।
फॉरेंसिक जांच जारी, आत्महत्या का कारण अज्ञात घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के पीछे का मुख्य कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।










