
बांदा में हुई थी पहली शादी, इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के साढ़ थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया पर शुरू हुए प्रेम प्रसंग के दर्दनाक अंत का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार, उसकी पहली शादी बांदा जिले में हुई थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान साढ़ क्षेत्र के एक युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत प्रेम संबंधों में बदल गई, जिसके बाद महिला ने अपनी पहली शादी को छोड़कर युवक के साथ कोर्ट मैरिज कर नई जिंदगी शुरू करने का फैसला कर लिया।
दो महीने बाद सूरत ले जाकर प्रताड़ना का आरोप पीड़िता का आरोप है कि शादी के शुरुआती दो महीने तक तो सब कुछ ठीक रहा, लेकिन इसके बाद पति का रवैया पूरी तरह बदल गया। पति उसे गुजरात के सूरत ले गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर शारीरिक शोषण और गंभीर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना शुरू कर दी गई। महिला का कहना है कि जिस पति के भरोसे उसने अपनी नई दुनिया बसाई थी, वही उसके साथ हैवानियत करने लगा।
फतेहपुर के बकेवर में लावारिस छोड़कर भागा पति प्रताड़ना का यह सिलसिला तब और बिगड़ गया जब बुधवार को आरोपी पति महिला को झांसा देकर फतेहपुर जिले के बकेवर इलाके में अकेला छोड़कर फरार हो गया। कोई सहारा न मिलने पर पीड़िता शुक्रवार को साढ़ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई। महिला का कहना है कि अब उसके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं बचा है।
पुलिस जांच में जुटी साढ़ थाना पुलिस ने महिला की तहरीर मिलने की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला पति-पत्नी के पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










