कानपुर: इश्क में मिला ब्लैकमेलिंग का दर्द, हार्डवेयर कारोबारी ने लगा ली फांसी….सूने घर में खौफनाक कदम, बहन ने देखा मंजर

कानपुर। शहर के चकेरी इलाके में प्यार और धोखे की एक ऐसी दास्तां सामने आई है, जिसने पूरे परिवार को उजाड़ कर रख दिया। कांजीखेड़ा निवासी 30 वर्षीय हार्डवेयर कारोबारी अंकित जायसवाल ने कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग से तंग आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक का शव करीब 8 घंटे तक घर के कमरे में फंदे से लटका रहा, जिसकी जानकारी परिजनों को देर रात तब हुई जब वे अस्पताल से वापस लौटे।

सूने घर में खौफनाक कदम, बहन ने देखा मंजर

अंकित जायसवाल घुमनी बाजार में हार्डवेयर की दुकान चलाता था। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को अंकित के चाचा ज्ञानदत्त जायसवाल को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद पूरा परिवार उन्हें कार्डियोलॉजी अस्पताल में भर्ती कराने चला गया था। घर में अंकित अकेला था। इसी बीच उसने कमरे के अंदर फांसी लगा ली। जब छोटी बहन मानसी उसे बुलाने के लिए कमरे में गई, तो भाई का शव लटकता देख उसकी चीख निकल गई।

शादी से इनकार और फिर ब्लैकमेलिंग का खेल

अंकित के छोटे भाई अवनीश ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता था। घरवाले दोनों की शादी के लिए पूरी तरह तैयार थे, लेकिन अचानक युवती ने शादी से मना कर दिया। परिजनों का आरोप है कि युवती की ओर से अंकित को ब्लैकमेल किया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। इसी मानसिक प्रताड़ना के चलते उसने मौत को गले लगाना बेहतर समझा।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि अभी मामले की गहराई से जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से जो भी तहरीर (शिकायत) दी जाएगी, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha