Kedarnath Yatra Suspended: केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन से दर्दनाक हादसा, चीरबासा में पहाड़ी से गिरे पत्थर, महाराष्ट्र की महिला श्रद्धालु की मौत

उत्तराखंड में मानसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश के बीच केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर चीरबासा के पास अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से महाराष्ट्र की एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मार्ग पर लगातार मंडराते खतरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को दिनभर के लिए रोक दिया। इस फैसले से सैकड़ों श्रद्धालु सोनप्रयाग और गौरीकुंड सहित विभिन्न स्थानों पर रुकने को मजबूर हो गए। पुलिस का कहना है कि स्थिति सामान्य होने और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही आवाजाही दोबारा शुरू कराई जाएगी।

सुरक्षा बलों ने सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाए श्रद्धालु रविवार सुबह सोनप्रयाग और गौरीकुंड से 11 बजे के बाद यात्रियों को आगे जाने से रोक दिया गया था। रोक लगाए जाने से पहले ही लगभग 4,000 से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि करीब 2,500 यात्री दर्शन कर वापस लौट रहे थे। पैदल मार्ग पर मौजूद यात्रियों को पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), वाईएमएफ और डीडीआरएफ के जवानों की निगरानी में सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। सोनप्रयाग कोतवाली प्रभारी सुरेश चन्द्र बलूनी ने बताया कि दिनभर रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण चीरबासा और आसपास के क्षेत्रों में पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे थे, जिसके चलते एहतियातन यह कदम उठाया गया।

महाराष्ट्र की 60 वर्षीय महिला की मौत गौरीकुंड से केदारनाथ धाम जा रहे श्रद्धालुओं का दल जैसे ही चीरबासा के समीप पहुंचा, तभी ऊपरी पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने लगे। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम के अनुसार, पत्थरों की चपेट में आने से निम गांव, जिला सोलापुर (महाराष्ट्र) की रहने वाली 60 वर्षीय मंगल अपाराव सिंधे (पत्नी अपाराव सिंधे) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

उत्तराखंड के 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट इस बीच राज्य में मौसम एक बार फिर विकराल रूप धारण कर सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को उत्तराखंड के छह जिलों—पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, उधम सिंह नगर और चमोली में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों से यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर मौसम की पहली बर्फबारी एक तरफ निचले इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है, तो दूसरी तरफ गढ़वाल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो चुकी है। रविवार को बदरीनाथ धाम के नर-नारायण और नीलकंठ पर्वत शिखरों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया। इसके अलावा हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी (Valley of Flowers), चिनाप वैली, सोना शिखर, कुंठखाल और टिपरा खरक की ऊंची पहाड़ियों पर इस सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली, जिससे इलाके में ठंड बढ़ गई है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha