घर के बाहर खेल रहा मासूम का अपहरण

पुलिस ने घटना के 3 घंटे बाद ही अपहृत बालक को सकुशल किया बरामद

भास्कर समाचार सेवा

शिकोहाबाद-: नगर में झोंपड़ी के बाहर खेल रहे 5 वर्षीय बालक को एक बाइक सवार युवक अपनी बाइक पर बैठा कर ले गया। जब बालक नहीं दिखा तो झोंपड़ी में रहने वाले परिवार ने उसकी तलाश की। लेकिन उसका कोई सुराग न मिलने पर थाना पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने महज तीन घंटे में ही बालक को बरामद कर अपहृता को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया वही बरामद बालक को आज परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चा पाकर पीड़ित परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
नगर के रेलवे स्टेशन रोड पर रॉयल गार्डन के बाहर सनीराम पुत्र जालिम सिंह झोंपड़ी में रह कर और मूर्ति बना और उन्हें बेच कर परिवार का भरण पोषण कर रहा है। उस पर दो बेटा और एक बेटी है। उसका सबसे छोटा बेटा विकाश (5)बृहस्पतिवार को झौंपड़ी के पास खेल रहा था। तभी लगभग दो बजे के करीब एक युवक आया और बालक को चॉकलेट दिलाने के बहाने उसे अपनी बाइक पर बैठा कर ले गया। जब बच्चा नहीं मिला तो उसके परिजनों ने थाना पुलिस को कल सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बालक को बरामद करने की कवायद शुरू कर दी। चंद घंटे में प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र कुमार मिश्रा के निर्देशन में उप निरीक्षक अंकित मलिक ने बालक को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त की गई बाइक को भी बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने आरोपी का नाम आकाश पुत्र रामकिशोर निवासी धर्मशाला थाना जैतपुरा जिला आगरा बताया है।
घटना के बाद कोतवाली पहुंचे पीड़ित सनीराम ने बताया कि उसके बालक के लापता होने से उसके परिवार में मायूसी छा गई थी। उसकी पत्नी और बच्चों के साथ परिवार के अन्य लोग भी परेशान थे। उसने तलाशने के बाद थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए बालक को कल ही बरामद कर आज सुपुर्द किया है।बालक को प्राप्त कर सनीराम के परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।

खबरें और भी हैं...