जानिए क्या खास बदलाव हुए कांग्रेस के फाइनल घोषणापत्र में

यूपी चुनाव में प्रचार के दौरान कांग्रेस की तरफ से सीएम चेहरा कौन होगा? इस सवाल पर प्रियंका ने खुद की तरफ इशारा करते हुए कहा था… आपको कोई और दिखता है क्या? इस बयान के बाद यूपी चुनाव में अच्छे प्रदर्शन पर सीएम के चेहरे के तौर पर प्रियंका गांधी को देखा जाने लगा। हालांकि, प्रियंका ने अपने बयान को वापस भी ले लिया था। अब अगर कांग्रेस की फ्रंट लाइन पर नजर आने वाले चेहरों की बात की जाए तो सिर्फ प्रियंका ही पूरे चुनाव में नजर आईं।

यही वजह है कि सबसे पहले शक्ति विधान के कवर पेज पर अकेले उनका चेहरा दिखा। फिर भर्ती विधान भी आया। कांग्रेस नेता खुलकर नहीं बोलते, लेकिन कुछ आंतरिक कारणों से भर्ती विधान के कवर पेज पर राहुल नजर आए। अब उन्नति विधान के कवर पेज पर प्रियंका पूरी तरह से गायब हो गईं हैं। इस पेज पर राहुल और सोनिया की तस्वीर ही लगाई गई है।

बैनर और घोषणा पत्र से खिसकती तस्वीर के मायने तलाशे जा रहे

प्रियंका भले ही यह उन्नति विधान जारी करने के लिए खुद लखनऊ आईं थीं, लेकिन इस कार्यक्रम के बैनर तक में उनकी फोटो नहीं थी। बता दें कि 18 दिसंबर को प्रियंका गांधी ने सबसे पहले शक्ति विधान नाम से पहला घोषणा पत्र जारी किया था। कांग्रेस के यूपी मुख्यालय में इसके लिए बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बैनर और घोषणा पत्र के कवर पेज पर सिर्फ प्रियंका गांधी की ही फोटो थी।

21 जनवरी को दिल्ली में युवाओं के लिए भर्ती विधान नाम से घोषणा पत्र जारी किया गया। इसके कवर पेज पर प्रियंका के आगे राहुल गांधी की फोटो लगाई गई थी। 9 फरवरी को लखनऊ में फिर से एक कार्यक्रम रखा गया। इसमें सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए उन्नति विधान नाम का घोषणा पत्र जारी किया गया। इस कार्यक्रम के बैनर में न तो प्रियंका की फोटो लगाई गई और न ही उन्नति विधान के कवर पेज पर उनका चेहरा ही नजर आया।

इसके कवर पेज पर सिर्फ राहुल और सोनिया गांधी की फोटो ही लगाई गई है। अब बैनर और घोषणा पत्र से खिसकती प्रियंका की तस्वीर के मायने तलाशे जा रहे हैं।

36 पेज के घोषणापत्र में अंदर के पन्नों पर हैं प्रियंका

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर जारी किया गया कांग्रेस का घोषणापत्र (उन्नति विधान) 36 पेज का है। इसमें प्रियंका गांधी की कुल 3 तस्वीरें अंदर के पन्नों पर लगाई गई हैं। एक तस्वीर तीन नंबर पेज पर है जिसमें वह खेत में बैठकर एक किसान से चर्चा कर रही हैं। प्रियंका की दूसरी तस्वीर 28 नंबर पेज पर है जिसमें वे गांव की कुछ महिलाओं के साथ पैदल चल रही हैं। इसके अलावा चार नंबर पेज पर प्रियंका की एक छोटी सी फोटो है, जिसमें वे युवाओं से वर्चुअली बात कर रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha