
- किराए के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
मैनपुरी/बेवर। थाना क्षेत्र में गल्लामंडी के निकट मकान मालिक का किराएदार से किराए के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद उसने किराएदार की गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में मृतक की मां ने रिपोर्ट आरोपी मकान मालिक के खिलाफ दर्ज कराई है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
थाना क्षेत्र के गांव अहिमलपुर निवासी श्यामकांत पाण्डेय लगभग तीन वर्ष से मां अर्चा देवी और पत्नी बच्चों के साथ मोहल्ला मिरकिचिया स्थित हरी दीक्षित के मकान में किराए पर रह रहा था। शुक्रवार की सुबह श्यामकांत घर पर था। तभी मकान मालिक हरी ने आया और किराए के पांच सौ रुपये तुरंत मांगने लगा। इस पर किरायेदार श्याम ने कहा कि अभी उसके पास रुपये नहीं है। वह जल्द व्यवस्था करके दे देगा।

यह बात सुनकर कर हरी ने उसे गोली मारने की धमकी दी। मामला शांत करने के उद्देश्य से श्याम घर से बाहर चला गया। दोपहर करीब एक बजे श्यामकांत जब गल्ला मंडी के पास था। तभी वहां पहुंचे हरी ने उसके सीने में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह वहां से भाग गया। सूचना मिलने के बाद सीओ भोगांव अमर बहादुर, इंस्पेक्टर जसवीर सिंह सिरोही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। श्यामकांत को अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसपी मधुबन कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
वर्जन – अमर बहादुर सिंह सीओ भोगांव।
मकान मालिक द्वारा मकान के किराए को लेकर युवक की हत्या कर देने का मामला सामने आया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












