“स्कूल देखने पहुंचे तो लाठी-पत्थर बरसे!” जयपुर में CJP टीम का आरोप, ग्रामीण बोले- सिर्फ विरोध किया

जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल के निरीक्षण को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम ने आरोप लगाया कि स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचने पर कुछ ग्रामीणों और बीजेपी समर्थकों ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की, लाठी-डंडों से मारपीट और पथराव किया। वहीं, ग्रामीणों ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ टीम का विरोध किया था और किसी के साथ मारपीट नहीं की।

ग्रामीणों ने आरोपों को बताया गलत

ग्रामीण जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि गांव के लोगों ने किसी कार्यकर्ता के साथ मारपीट नहीं की। उनका दावा है कि CJP की टीम बड़ी संख्या में लोगों के साथ गांव पहुंची थी। ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूल की मरम्मत के लिए करीब 12 लाख रुपये पहले ही मंजूर हो चुके हैं और जल्द काम कराया जाएगा।

ग्रामीण अनु शर्मा ने कहा कि स्कूल में करीब 20-25 बच्चे पढ़ते हैं। उन्हें आशंका है कि स्कूल भवन तोड़े जाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि मौके पर विरोध और बहस हुई, लेकिन मारपीट नहीं हुई।

CJP ने लगाया लाठी-पथराव का आरोप

CJP की सदस्य संजू ने आरोप लगाया कि टीम स्कूल की स्थिति देखने पहुंची थी, लेकिन मौके पर पहले से मौजूद बीजेपी और RSS से जुड़े लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई, लाठियों से हमला हुआ और पथराव भी किया गया। संजू ने अपने हाथ में चोट लगने का भी दावा किया।

CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने घटना को लेकर आरोपियों की 48 घंटे में गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मौके पर मौजूद होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी। साथ ही उन्होंने सरकारी स्कूलों में प्रवेश को लेकर जारी आदेश वापस लेने की मांग की।

सचिन पायलट ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकारी स्कूलों में मीडिया और आम लोगों के प्रवेश से जुड़े प्रतिबंधों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार स्कूलों की बदहाल स्थिति को छिपाने की कोशिश कर रही है।

भारतीय आदिवासी पार्टी के विधायक थावरचंद ने भी घटना की निंदा की और आरोप लगाया कि स्कूलों की स्थिति सामने आने से रोकने के लिए सच की आवाज दबाई जा रही है।

बीजेपी नेताओं ने CJP पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता मदन प्रजापत ने CJP के संगठनात्मक स्वरूप पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक स्टंट बताया। वहीं, जयपुर के बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा ने CJP के नाम पर ही तंज कसा। उन्होंने कहा कि संगठन राजस्थान में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहा है।

बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य ने दावा किया कि ग्रामीणों ने CJP टीम का विरोध किया और उसे इलाके में प्रवेश नहीं करने दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के आने के बाद सरकारी स्कूलों में काफी सुधार हुआ है और कई जगह नए भवन बनाए गए हैं।

फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। मारपीट और पथराव के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौके पर वास्तव में क्या हुआ था।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha