- 23 विभागों की सहभागिता, नोडल अधिकारी और डीएम ने किया पौधरोपण, जनभागीदारी पर दिया जोर
गोंडा। “एक पेड़ मां के नाम” पौधरोपण महाअभियान-2026 के तहत रविवार को गोंडा जिले में वृहद पौधरोपण अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के अंतर्गत जिले में एक ही दिन में 56 लाख 26 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस महाअभियान में 23 विभागों की सक्रिय भागीदारी रही और सभी विभागों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए।
आईटीआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल, गौरा विधायक प्रभात वर्मा तथा विधायक रमापति शास्त्री ने पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।
शासन द्वारा गोंडा की नामित नोडल अधिकारी आईएएस कंचन वर्मा ने कर्नलगंज तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसेरिया में पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच हजारों पौधों का वितरण किया और सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है और हर व्यक्ति को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
वहीं, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने गांधी पार्क में पौधरोपण कर अभियान को गति दी। उनके साथ नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, उपजिलाधिकारी, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी विशाल कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखें।जिले में दिनभर विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, छात्रों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

प्रशासन ने उम्मीद जताई कि जनसहभागिता के सहयोग से जिले में निर्धारित लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा।