हाथ पर लॉरेंस का नाम, जुबान पर धमकी: खुद को पत्नी बताने वाली महिला गिरफ्तार, हाथ पर गुदवा रखा था नाम

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ बयानबाजी करना अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिला अध्यक्ष मुकुल चौधरी के लिए मुसीबत बन गया। सोशल मीडिया मैसेंजर के माध्यम से एक महिला ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए मुकुल चौधरी को जान से मारने की धमकी दी थी। मामले की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए शामली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और शनिवार को आरोपी महिला को धर दबोचा।

यूट्यूब इंटरव्यू में लॉरेंस बिश्नोई पर टिप्पणी से भड़की थी महिला

पुलिस के अनुसार, पीड़ित मुकुल चौधरी शामली के गढ़ी पुख्ता थाना क्षेत्र स्थित जधेड़ी गांव के निवासी हैं। उन्होंने हाल ही में एक निजी यूट्यूब चैनल को दिए साक्षात्कार में अंकित बालियान हत्याकांड का जिक्र करते हुए गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ तीखी टिप्पणी की थी। इस इंटरव्यू को देखने के बाद राजस्थान के जयपुर में रह रही बिंदु नाम की महिला आक्रोशित हो गई और उसने सोशल मीडिया के जरिए मुकुल चौधरी से संपर्क कर उन्हें खत्म करने की धमकी दे डाली।

एसपी शामली का खुलासा: जयपुर में बाउंसर है बिहार की रहने वाली महिला

एसपी शामली एनपी सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और फिलहाल जयपुर में लेडी बाउंसर के तौर पर काम करती है। महिला के चार बच्चे हैं और वह पिछले 8 सालों से अपने पति से अलग रह रही है। धमकी मिलने के बाद मुकुल चौधरी की तहरीर पर पुलिस ने सर्विलांस की मदद से महिला की लोकेशन ट्रैक की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

8 सालों से मानती है ‘पति’, हाथ पर गुदवा रखा है गैंगस्टर का नाम

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह पिछले 8 वर्षों से लॉरेंस बिश्नोई को मन ही मन अपना पति मानती आ रही है और लॉरेंस के खिलाफ एक शब्द भी सुनना पसंद नहीं करती। उसने अपने हाथ पर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का टैटू भी बनवा रखा है। जांच में यह साफ हुआ है कि महिला की लॉरेंस बिश्नोई या उसके गैंग के किसी भी गुर्गे से कभी कोई मुलाकात नहीं हुई है। महज एकतरफा सनक के चलते उसने जाट महासभा नेता को धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha