LDA Action in Lucknow: अलीगंज अग्निकांड के बाद जागा एलडीए, लखनऊ में एक ही दिन में 71 कोचिंग, लाइब्रेरी और होटल सील, 83 को थमाया नोटिस

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में हाल ही में हुए दर्दनाक अग्निकांड को बेहद गंभीरता से लेते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने पूरे शहर में बड़ा हड़कंप मचा दिया है. एलडीए की टीम ने बुधवार को लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा मानकों और नियमों के विपरीत अवैध रूप से संचालित हो रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ एक बड़ा और ताबड़तोड़ सर्च ऑपरेशन चलाया. पूरे दिन चली इस महा-कार्रवाई के दौरान एलडीए ने नियमों को ताक पर रखकर चल रहे कुल 71 बड़े प्रतिष्ठानों को मौके पर ही सील (Sealed) कर दिया, जबकि 83 अन्य भवन मालिकों और प्रबंधकों के खिलाफ गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

3 हफ्तों तक लगातार चलेगा एलडीए का यह महा-अभियान

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के कड़े निर्देश पर अग्निशमन विभाग (Fire Department) और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम के साथ मिलकर इस विशेष चेकिंग अभियान को जमीन पर उतारा गया. इस बड़ी कार्रवाई की जद में शहर के दर्जनों नामी-गरामी कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, डांस स्टूडियो, प्ले ग्रुप स्कूल, ब्लड बैंक, कंप्यूटर इंस्टीट्यूट, नर्सिंग होम, होटल और बड़े व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स आए हैं. एलडीए के उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि अलीगंज जैसी त्रासदियों को रोकने के लिए शहर में सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और यह सीलिंग व चेकिंग अभियान आने वाले लगातार 03 सप्ताह (21 दिनों) तक शहर के हर कोने में इसी तरह पूरी कड़ाई से चलाया जाएगा.

गौरतलब है कि उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार देर शाम सभी जोनल अधिकारियों के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग की थी, जिसमें उन्होंने अवैध व्यावसायिक इमारतों की तत्काल जांच के आदेश दिए थे. इसी के अनुपालन में बुधवार को एलडीए के प्रवर्तन विभाग ने सभी 07 जोनों में एक साथ धावा बोला. संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने खुद प्रवर्तन जोन-7 में इस अभियान की कमान संभाली, जहां सबसे पहले 14 प्रतिष्ठानों को सील कर 20 को नोटिस थमाया गया.

गोमती नगर के पॉश इलाके में एलन, आकाश और अनएकेडमी समेत 09 कोचिंग सेंटर सील

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने अपनी टीम और भारी पुलिस बल के साथ लखनऊ के सबसे पॉश इलाके गोमती नगर के विराज खंड, विनीत खंड और विवेक खंड में ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस दौरान सुरक्षा मानकों और बेसमेंट व नियमों के उल्लंघन के आरोप में देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों की शाखाओं पर ताला जड़ दिया गया. सील होने वाले प्रमुख संस्थानों में एलन कोचिंग (Allen), आकाश इंस्टीट्यूट (Aakash), अनएकेडमी (Unacademy), कैरियर पॉइंट, विद्यापीठ, अग्रवाल क्लासेस, नारायण कोचिंग और आईक्यू हब (IQ Hub) समेत कुल 09 बड़े कोचिंग सेंटर शामिल हैं.

कानपुर रोड और कृष्णानगर में एलडीए का डंडा, फिजिक्स वाला और महिन्द्रा समेत 16 संस्थान बंद

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में एलडीए की टीम ने कानपुर रोड एलडीए योजना और कृष्णानगर वीआईपी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया. नियमों के विपरीत और बिना फायर एनओसी के चल रहे कुल 16 कोचिंग सेंटरों को पूरी तरह से सील कर दिया गया, जिसमें लोकप्रिय संस्थान फिजिक्स वाला (Physics Wallah), महिन्द्रा कोचिंग (Mahindra), एलन, आकाश इंस्टीट्यूट और सेन्च्यूरियन डिफेंस एकेडमी शामिल हैं. इसके साथ ही नियमों की अनदेखी करने वाले 16 अन्य भवन मालिकों को अंतिम चेतावनी के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

हजरतगंज और कृष्णानगर के होटलों व लाइब्रेरी पर भी गिरी गाज, मची खलबली

लखनऊ के दिल कहे जाने वाले हजरतगंज इलाके में भी एलडीए की कार्रवाई से दिन भर हड़कंप मचा रहा. प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने टीम के साथ हजरतगंज में एलन, आकाश, मोशन और ग्रैविटी (Gravity) समेत 14 बड़े प्रतिष्ठानों को सील किया और 20 को नोटिस दिया. इसी क्रम में जोन-5 में भी 05 इमारतें सील हुईं और 21 को नोटिस मिला.

दूसरी ओर, प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने कृष्णानगर, विजय नगर और मानक नगर में बिना स्वीकृत मानचित्र और मानकों के विपरीत बनी इमारतों पर कार्रवाई की. यहां नियमों के विरुद्ध चल रही ब्राइट फ्यूचर लाइब्रेरी, डिफेंस कैरियर एकेडमी और होटल गुरवीर समेत 07 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया. इसके अलावा जोन-4 में एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभालते हुए 06 प्रतिष्ठानों को सील किया और 07 भवन स्वामियों को कड़ी नोटिस जारी की. एलडीए की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप है.

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha