मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक: पिंजरे में कैद हुआ 13वां खूंखार तेंदुआ, अब तक 4 की जा चुकी है जान!

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में तेंदुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि, वन विभाग को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। डिलारी थाना क्षेत्र के सजनी जलालपुर गांव में लगाए गए पिंजरे में एक और तेंदुआ कैद हो गया है। इसके साथ ही 3 अगस्त से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले में पकड़े गए तेंदुओं की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई है। तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने थोड़ी राहत की सांस ली है, लेकिन इलाके में अब भी गहरा खौफ बना हुआ है।

रेस्क्यू अभियान तेज, 13वां तेंदुआ ऐसे हुआ ट्रैप वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ठाकुरद्वारा तहसील और आसपास के ग्रामीण इलाकों में तेंदुओं की लगातार आवाजाही के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया गया था। इसी कड़ी में सजनी जलालपुर गांव में एक पिंजरा लगाया गया था, जिसमें तेंदुआ फंस गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।

अब तक 4 लोगों की मौत, 46 पिंजरे लगाए गए जिले में तेंदुओं के हमलों से हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। अब तक इनके हमलों में महिलाओं समेत 4 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। लगातार होती घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने पूरे जिले में पिंजरों की संख्या बढ़ाकर 46 कर दी है। अब तक पकड़े गए 13 तेंदुओं में से 12 ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र से और 1 कांठ क्षेत्र से पकड़ा गया है।

हादसों में 2 तेंदुओं की मौत, वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी रेस्क्यू के अलावा, जिले में अज्ञात वाहनों की टक्कर से दो तेंदुओं की मौत भी हो चुकी है, जिनके शव ठाकुरद्वारा और छजलैट क्षेत्र में मिले थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीमें संवेदनशील गांवों में लगातार गश्त कर रही हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले खेतों में न जाएं, बच्चों की विशेष सुरक्षा करें और तेंदुआ दिखने पर तुरंत अलर्ट जारी कर वन विभाग को सूचित करें। जब तक खतरा टल नहीं जाता, यह रेस्क्यू अभियान जारी रहेगा।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha