LIVE : बंगाल में सुवेंदु राज का आगाज: बांग्ला में ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, ब्रिगेड परेड ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब

 

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नया और ऐतिहासिक अध्याय लिखा गया। कोलकाता का ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड उस समय जयघोष से गूंज उठा, जब सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। सुवेंदु पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। खास बात यह रही कि उन्होंने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ लेकर राज्य की जनता का दिल जीत लिया।

महाजुटान: मंच पर जुटे 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता

यह शपथ ग्रहण समारोह किसी शक्ति प्रदर्शन से कम नहीं था। सुवेंदु अधिकारी के राजतिलक का गवाह बनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित एनडीए व भाजपा शासित राज्यों के 20 मुख्यमंत्री विशेष रूप से मौजूद रहे। इस भारी जमावड़े ने यह स्पष्ट कर दिया कि दिल्ली के लिए बंगाल की यह जीत कितनी अहम है।

पीएम मोदी ने रवींद्रनाथ टैगोर को दी श्रद्धांजलि

समारोह की शुरुआत सांस्कृतिक गरिमा के साथ हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर पहुंचते ही सबसे पहले विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धाजंलि अर्पित की। पीएम ने टैगोर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर बंगाल की विरासत और अस्मिता के प्रति अपने गहरे सम्मान को प्रकट किया, जिसे देख वहां मौजूद जनसैलाब ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।

जब प्रधानमंत्री ने झुकाया सिर: 98 साल के कार्यकर्ता के छुए पैर

कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा भावुक पल आया जिसने राजनीति से इतर मानवीय संवेदनाओं की एक नई मिसाल पेश की। मंच पर भाजपा के 98 वर्षीय कर्मठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार मौजूद थे। जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी मंच पर आए, वे सीधे माखनलाल जी के पास पहुंचे। पीएम ने न केवल उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, बल्कि उनके पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। इस दृश्य को देख वहां मौजूद हर शख्स दंग रह गया। सम्मान से अभिभूत होकर बुजुर्ग कार्यकर्ता माखनलाल ने भी देश के प्रधानमंत्री को काफी देर तक गले लगाए रखा।

मंत्रिमंडल विस्तार: 4 और चेहरों की सुगबुगाहट

सुवेंदु अधिकारी के शपथ लेने के साथ ही राज्य की नई कैबिनेट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सुवेंदु के साथ 4 और विधायक भी आज मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि, इन नामों को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है और किसी भी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि नई कैबिनेट में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment