Maharajganj : पहली ही बारिश में ध्वस्त हुई व्यवस्था! 100 मीटर सड़क बनी ‘तालाब’, दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित

 

भास्कर ब्यूरो

Pakri-Maharajganj : विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावों के बीच सदर क्षेत्र के ग्राम सभा सराय खुटहा उर्फ लखराव से बड़हरा जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल तस्वीर पहली ही बरसात में सामने आ गई। बारिश के बाद सराय खुटहा गांव के पास लगभग 100 मीटर तक पक्की सड़क पर जलजमाव हो गया है। हालत यह है कि सड़क किसी तालाब से कम नहीं दिख रही है। पानी से लबालब भरी सड़क पर राहगीर जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरने के डर से बेहद सावधानी के साथ गुजर रहे हैं।

यह सड़क केवल एक गांव की नहीं, बल्कि दर्जनों ग्राम सभाओं के लोगों की जीवनरेखा मानी जाती है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में किसान, छात्र-छात्राएं, व्यापारी, कर्मचारी और मरीज इसी मार्ग से जिला मुख्यालय आते-जाते हैं। लेकिन पहली ही बारिश ने इस महत्वपूर्ण मार्ग की हकीकत उजागर कर दी है। जलभराव के कारण लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और कई वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की व्यवस्था को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। सड़क के दोनों किनारों पर नालियों का निर्माण नहीं होने से बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते नालियां बनाई गई होतीं तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। जलभराव के कारण सड़क के जल्द क्षतिग्रस्त होने की भी आशंका बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात का मौसम अभी शुरू हुआ है। यदि तत्काल जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है। लगातार पानी भरा रहने से सड़क टूटने लगेगी, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है और सरकारी धन से बनी सड़क भी समय से पहले खराब हो जाएगी।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क से जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए तथा सड़क के दोनों किनारों पर स्थायी नालियों का निर्माण कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब सड़क बनाई गई थी, तब जल निकासी की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? पहली ही बारिश में सड़क पर जलभराव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha