
नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सोलुखुम्बु जिले में स्थित एवरेस्ट बेस कैंप के पास लैंडिंग की कोशिश करते समय दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए. इस भीषण हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नेपाली नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह टक्कर ‘फिश टेल एयर’ और ‘डायनेस्टी एयर’ कंपनियों के हेलीकॉप्टरों के बीच हुई है.
लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा, एक गंभीर रूप से घायल
नेपाल पुलिस के अधिकारी मौसम तमांग और सोलुखुम्बु जिला पुलिस प्रभारी नवीन राजा बुधाथोकी के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब बर्फ से ढके पहाड़ी इलाके में दोनों हेलिकॉप्टर एक साथ उतरने की कोशिश कर रहे थे. हादसे में एक विदेशी नागरिक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
पर्वतारोहियों और रसद सेवा में बड़े पैमाने पर होता है इस्तेमाल
नेपाल के दुर्गम हिमालयी इलाकों में पर्यटकों, पर्वतारोहियों और भारी रसद (सामान) को पहुंचाने के लिए छोटे हेलीकॉप्टरों का उपयोग बड़े पैमाने पर किया जाता है. इसके अलावा आपातकालीन मेडिकल रेस्क्यू के लिए भी यही हेलीकॉप्टर सहारा बनते हैं. हालांकि, नेपाल का बेहद कठिन पहाड़ी भू-भाग और पल-पल में बदलता खतरनाक मौसम हवाई परिचालन को हमेशा जोखिम भरा बनाए रखता है.
एवरेस्ट क्षेत्र में हवाई सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट समेत 14 में से 8 सबसे ऊंचे पर्वत नेपाल में ही स्थित हैं. हर साल हजारों की संख्या में विदेशी पर्वतारोही और ट्रेकर्स यहां की चोटियों को फतह करने पहुंचते हैं. इस तरह के हादसों ने एक बार फिर एवरेस्ट बेस कैंप जैसे उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एयर ट्रैफिक कंट्रोल और लैंडिंग सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
















