मैलानी पुलिस का बड़ा एक्शन: 19 लीटर कच्ची शराब के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार, 150 लीटर लहन मौके पर किया नष्ट

  • अवैध शराब बनाने के उपकरण भी बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज

Lakhimpur Kheri : जिले में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैलानी पुलिस ने शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 19 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा शराब बनाने के उपकरण बरामद किए, जबकि मौके पर मिले करीब 150 लीटर लहन को नष्ट करा दिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी गोला के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष मैलानी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सबसे पहले ससिया कॉलोनी क्षेत्र में छापेमारी की। यहां से सोनू पुत्र अशोक, निवासी ससिया कॉलोनी, को 9 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर रखे लगभग 150 लीटर लहन को भी नष्ट करा दिया गया, जिससे अवैध शराब के निर्माण की तैयारी पर रोक लगाई जा सके।

इसी अभियान के तहत पुलिस ने दूसरी कार्रवाई में सरिता पत्नी रिंकू, निवासी ससिया कॉलोनी, को राजामंडी-मकसूदगंज रोड से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में बरामदगी के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोनू तथा सरिता के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, कांस्टेबल अंशु कुमार, आदर्श चौधरी, सूरज कुमार, नितिन कुमार, शिवओम तथा महिला कांस्टेबल संजू शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment