कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। कठुआ पुलिस ने विभिन्न अभियानों के तहत जब्त किए गए लगभग 2 करोड़ 32 लाख 86 हजार 490 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को भट्टी में जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया है।
जिला सांबा के रामगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत राड़ा स्थित मैसर्स अनमोल हेल्थकेयर में इस पूरी विनष्टीकरण प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद, निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए इस विशाल खेप को स्वाहा किया।
नष्ट किए गए इन नशीले पदार्थों में भारी मात्रा में जानलेवा ड्रग्स शामिल थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कुल 174.981 किलोग्राम नशीले पदार्थों के साथ-साथ 1,945 नशीली कैप्सूल और गोलियों को आग के हवाले किया गया।
इसमें बारीक आंकड़ों पर गौर करें तो 2.05 किलोग्राम हेरोइन, 1036 नशीले कैप्सूल, 909 प्रतिबंधित गोलियां, 7.68 किलोग्राम गांजा, 162.649 किलोग्राम पोस्त भूसा (पॉपी स्ट्रॉ), 2.126 किलोग्राम चरस और 482 ग्राम अफीम को नष्ट किया गया है। भट्टी में जलाया गया यह सारा माल कठुआ जिले के विभिन्न थानों में दर्ज किए गए 43 अलग-अलग एनडीपीएस (NDPS) मामलों से जुड़ा हुआ था।
जब्ती के बाद से इस खेप को सुरक्षा के बीच विभिन्न पुलिस मालखानों में रखा गया था, जिसे सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं और अदालती प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद समिति के सदस्यों की प्रत्यक्ष मौजूदगी में नष्ट किया गया। इस बड़ी कार्रवाई के अवसर पर एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति और सख्त अभियान को लगातार जारी रखेगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी तस्करों से जब्त किए जाने वाले मादक पदार्थों का इसी तरह कानून के दायरे में समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा ताकि युवाओं को इस जहर से बचाया जा सके।













