
पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट खराब मौसम के दौरान बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। लगभग 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भरते समय विमान आकाशीय बिजली (गाज) की चपेट में आ गया। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से (नोज कोन) को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, पायलट ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति पर नियंत्रण पाया और प्लेन को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया।
निर्धारित समय से 15 मिनट पहले हुई लैंडिंग, 104 यात्री बाल-बाल बचे
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 925 ने पटना एयरपोर्ट से दोपहर 3:10 बजे उड़ान भरी थी। इसे अपने तय शेड्यूल के अनुसार शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था। लेकिन हवा में आकाशीय बिजली टकराने के बाद उत्पन्न हुई आपातकालीन स्थिति को देखते हुए पायलट ने त्वरित फैसला लिया और शाम 4:05 बजे (निर्धारित समय से 15 मिनट पहले) ही विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। प्लेन में कुल 104 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।
इंजीनियरों की टीम कर रही जांच, अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था
लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान को रनवे से हटाकर एप्रन पर खड़ा कर दिया गया है, जहां इंजीनियरों की तकनीकी टीम विमान के क्षतिग्रस्त हिस्से की गहन जांच कर रही है। आपको बता दें कि पटना से आने के बाद इसी विमान को फ्लाइट नंबर 6E 6968 बनकर लखनऊ से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरनी थी। हालांकि, विमान को नुकसान पहुंचने के कारण इंडिगो एयरलाइंस ने तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की और दूसरे विमान के जरिए सभी यात्रियों को शाम करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना किया।













