अलास्का। अमेरिका के अलास्का में बुधवार को एक छोटा विमान हादसे का शिकार होकर समुद्र के उथले पानी में जा गिरा। दुर्घटना में विमान में सवार चारों लोगों की मौत हो गई। हादसा एक दूरदराज के तटीय इलाके में सेल्डोविया कस्बे के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक,
Piper PA-24 विमान अलास्का के सबसे बड़े शहर एंकोरेज से उड़ान भरकर सेल्डोविया एयरपोर्ट जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर सेल्डोविया स्लो के किनारे करीब 15 फीट गहरे पानी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन ज्वार के कारण विमान तक पहुंचने में परेशानी हुई। पानी का स्तर कम होने के बाद अधिकारियों ने विमान से चारों वयस्कों के शव बाहर निकाले। मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
हादसे की वजह का पता नहीं चला
अमेरिका का
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) हादसे की जांच कर रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने आएगी।
अलास्का के सीनेटर डैन सुलिवन ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें NTSB और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) से हादसे की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने अलास्का में विमानन सुरक्षा और दूरदराज के इलाकों में विमानन ढांचे को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।
एक हफ्ते में दूसरा बड़ा विमान हादसा
अलास्का में यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब एक सप्ताह से भी कम समय पहले एक अन्य विमान दुर्घटना में
8 लोगों की मौत हुई थी। वह हादसा पश्चिमी अलास्का के एक दूरदराज सैन्य क्षेत्र में हुआ था। खराब मौसम और घने कोहरे के बीच विमान रनवे पर उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
लगातार हुए इन हादसों के बाद अलास्का के दूरदराज इलाकों में विमान संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, सेल्डोविया के पास हुए ताजा हादसे की सही वजह NTSB की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।