लखनऊ मेट्रो यात्रियों को बड़ी राहत, गो स्मार्ट कार्ड को एनसीएमसी में बदलने की अवधि बढ़ी

  • अब 2 अक्टूबर तक निःशुल्क बदला जा सकेगा गो स्मार्ट कार्ड

लखनऊ। लखनऊ मेट्रो यात्रियों की सुविधा को देखते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने गो स्मार्ट कार्ड को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) में बदलने की समयसीमा बढ़ा दी है। पहले यह सुविधा 17 सितंबर 2026 तक थी, जिसे अब बढ़ाकर 2 अक्टूबर 2026 कर दिया गया है। इसके तहत मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड धारक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपना कार्ड एनसीएमसी कार्ड में बदलवा सकेंगे।

ऐसे बदलवा सकेंगे गो स्मार्ट कार्ड

यात्रियों को सबसे पहले अपने गो स्मार्ट कार्ड में मौजूद पूरी शेष राशि का उपयोग करना होगा। इसके बाद मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर पर पुराने कार्ड का सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के बाद यात्री को सरेंडर रिसिप्ट दी जाएगी। इसके बाद पुराने गो स्मार्ट कार्ड और सरेंडर रिसिप्ट को स्टेशन स्थित एअरटेल पेमेंट्स बैंक कियोस्क पर जमा करना होगा। मोबाइल ओटीपी सत्यापन के बाद यात्री को नया एनसीएमसी कार्ड निःशुल्क जारी किया जाएगा।
एनसीएमसी एक इंटरऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है। इसका इस्तेमाल एनसीएमसी स्वीकार करने वाली देश की अन्य मेट्रो सेवाओं, बसों, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में भी किया जा सकता है। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने 21 जुलाई 2026 को लखनऊ मेट्रो में एनसीएमसी सुविधा का शुभारंभ किया था।
एनसीएमसी कार्ड के प्रमुख फायदे

यात्रा के लिए टिकट लेने की लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। एनसीएमसी स्वीकार करने वाली मेट्रो सेवाओं में अलग से टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी। देशभर में एनसीएमसी स्वीकार करने वाली मेट्रो, बस, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में कार्ड का इस्तेमाल किया जा सकेगा। कार्ड को एनसीएमसी कियोस्क, टिकट वेंडिंग मशीन , लखनऊ मेट्रो ऐप और एयरटेल ऐप के जरिए डेबिट/क्रेडिट कार्ड या यूपीआई से रिचार्ज किया जा सकेगा। मोबाइल ओटीपी के जरिए कार्ड जारी कराया जा सकता है और इसके लिए अलग से केवाईसी की आवश्यकता नहीं होगी। एनसीएमसी कार्ड लखनऊ मेट्रो के सभी स्टेशनों पर स्थित एयरटेल पेमेंट्स बैंक के काउंटर/कियोस्क से प्राप्त किया जा सकता है। नए कार्ड के लिए ₹100 का शुल्क निर्धारित है, जो रिफंडेबल नहीं है। विभिन्न बैंक भी एनसीएमसी कार्ड जारी करते हैं। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि एनसीएमसी के जरिए लखनऊवासियों के दैनिक आवागमन को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग कार्डों की जगह एक इंटरऑपरेबल कार्ड उपलब्ध कराने का उद्देश्य विभिन्न परिवहन सेवाओं की जरूरतों को पूरा करना है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha