नासिक TCS धर्मांतरण कांड में बड़ा खुलासा: मलेशिया से जुड़े हैं तार, ATS और NIA की एंट्री; मास्टरमाइंड निदा खान अब भी फरार

नासिक (ब्यूरो)। महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के बीपीओ कैंपस में महिलाओं के यौन शोषण और जबरन धर्मांतरण के मामले ने अब अंतरराष्ट्रीय मोड़ ले लिया है। इस सनसनीखेज कांड में ‘मलेशिया कनेक्शन’ सामने आने के बाद जांच एजेंसियों के होश उड़ गए हैं। पुलिस की तफ्तीश में इमरान नाम के एक संदिग्ध शख्स की भूमिका उजागर हुई है, जो विदेशों से इस पूरे सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहा था।

वीडियो कॉल पर ‘इमरान’ देता था लग्जरी लाइफ का लालच

जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि बीपीओ के आरोपी कर्मचारी पीड़ित युवतियों को वीडियो कॉल के जरिए मलेशिया में बैठे इमरान से मिलवाते थे। इमरान एक कट्टरपंथी उपदेशक बताया जा रहा है, जो लड़कियों को इस्लाम अपनाने के बदले विदेश में भारी वेतन वाली नौकरी और आलीशान जीवन का सपना दिखाता था। पुलिस को संदेह है कि इमरान किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय धर्मांतरण सिंडिकेट का हिस्सा है, जो भोले-भाले युवाओं को निशाना बनाता है।

सफाई कर्मचारी बनकर पुलिस ने की थी जासूसी, ATS-NIA को सौंपी रिपोर्ट

इस घिनौने खेल का पर्दाफाश करने के लिए नासिक पुलिस ने किसी फिल्मी पटकथा की तरह ‘सीक्रेट ऑपरेशन’ चलाया था। करीब एक महीने तक महिला पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने कंपनी में हाउसकीपिंग स्टाफ (सफाई कर्मचारी) बनकर काम किया। इस दौरान उन्होंने अंदरूनी गतिविधियों और कोड वर्ड में होने वाली बातों को रिकॉर्ड किया। मामले की गंभीरता देखते हुए नासिक पुलिस कमिश्नर संदीप कर्णिक ने पूरी जानकारी ATS और NIA से साझा की है ताकि फंडिंग और प्रतिबंधित संगठनों के साथ इनके संबंधों की जांच की जा सके।

7 आरोपी सलाखों के पीछे, मास्टरमाइंड निदा खान की तलाश जारी

इस मामले में अब तक 12 पीड़ित महिलाओं की पहचान हो चुकी है और कुल 9 FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस ने अब तक दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और एक महिला मैनेजर समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस पूरे षडयंत्र की मास्टरमाइंड कही जाने वाली कंपनी की एचआर मैनेजर निदा खान अभी भी फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

2022 से चल रहा था खेल, यौन शोषण की शिकायत से फूटा भांडा

TCS कैंपस में धर्मांतरण और शोषण का यह काला कारोबार साल 2022 से गुपचुप तरीके से चल रहा था। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक साहसी महिला कर्मचारी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे शादी का झांसा देकर न केवल यौन शोषण का शिकार बनाया गया, बल्कि उसे धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित भी किया गया। फिलहाल पुलिस वॉट्सऐप चैट्स और बैंक ट्रांजेक्शन खंगाल रही है ताकि इस साजिश की अंतिम कड़ी तक पहुंचा जा सके।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment