आगरा में यूजीसी के विरोध में भारी बवंडर: 100 ट्रैक्टरों पर निकले सवर्ण समाज के 1200 युवा, पुलिस-PAC से तीखी झड़प के बाद हाईवे किया जाम

उत्तर प्रदेश के आगरा में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों और किसान नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने के विरोध में सवर्ण समाज का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को करीब 1200 युवक 100 से अधिक ट्रैक्टरों पर सवार होकर कलेक्ट्रेट का घेराव करने निकल पड़े। एत्मादपुर के संवई गांव से महज 200 मीटर आगे पुलिस और पीएसी (PAC) ने 4 क्रेन और 7 बुलडोजर लगाकर अभेद्य बैरियर खड़ा कर दिया। इस दौरान युवाओं और भारी पुलिस बल के बीच तीखी नोकझोंक, हाथापाई और धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद 2 कंपनी पीएसी और लगभग 300 पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को लाठियां फटकार कर गांव की तरफ खदेड़ा।

हाईवे पर हनुमान चालीसा का पाठ, 7-8 घंटे के भारी हंगामे के बाद प्रशासन से बनी सहमति

पुलिसिया कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए। दोपहर करीब 3 बजे युवाओं का हुजूम बैरियर तोड़ते हुए आगरा-फिरोजाबाद नेशनल हाईवे (कुबेरपुर जीरो पॉइंट) की तरफ दौड़ पड़ा। पुलिसकर्मी भी उन्हें रोकने के लिए पीछे-पीछे दौड़ते नजर आए। इसके बाद युवाओं ने हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया और सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया।

करीब 7 से 8 घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान हाईवे पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने 10 उपद्रवियों को हिरासत में लिया और ड्रोन कैमरों से पूरे इलाके की निगरानी की। बाद में कमिश्नर दीपक कुमार के माध्यम से प्रदर्शनकारियों की उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से वार्ता कराई गई, जिसके बाद युवाओं ने हाईवे से हटने का फैसला किया।

4 दिन का अल्टीमेटम: मांगें न मानने पर दोबारा ट्रैक्टर मार्च की चेतावनी

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे ‘सिस्टम सुधार संगठन’ के अध्यक्ष अंशुमान ठाकुर ने बताया कि प्रशासन और सरकार के साथ बेहद सकारात्मक बातचीत हुई है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि 4 दिनों के भीतर उनकी मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्रिमंडल से वार्ता कराई जाएगी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि सवर्ण समाज का सांकेतिक अनिश्चितकालीन धरना संवई गांव में शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। अंशुमान ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि 4 दिनों में कोई ठोस नतीजा नहीं निकला, तो इससे भी बड़ा ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। इस प्रदर्शन में करणी सेना के जिलाध्यक्ष प्रतीक चौहान और सपा नेता मनोज शर्मा सहित कई प्रमुख चेहरे शामिल रहे।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha