पटना में मल्लिकार्जुन खरगे का PM मोदी पर विवादित बयान, बोले- ‘मोदी का बाप भी जाएगा’

पटना के बापू सभागार में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने केंद्र सरकार पर वोट चोरी और महंगाई के मुद्दे पर निशाना साधा। इसी दौरान सभा में मौजूद एक व्यक्ति की टिप्पणी के जवाब में खरगे ने कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।”

खरगे ने अपने संबोधन में बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा की सरकारों को निशाने पर लेते हुए कहा कि ये सरकारें चोरी की सरकार हैं और वोट चोरी के जरिए सत्ता में आई हैं। उनके इस बयान के दौरान सभा में हंगामे जैसी स्थिति बन गई।

‘मोदी का बाप भी जाएगा’

भाषण के दौरान जब खरगे सरकार पर हमला बोल रहे थे, तभी सभा में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा, “मोदी कभी नहीं जाएगा।” इस पर खरगे ने मंच से जवाब देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।” उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में चर्चा और हंगामे की स्थिति बन गई।

महंगाई को लेकर भी साधा निशाना

खरगे ने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महंगाई चरम पर है और प्याज के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने गरीबों की रोजमर्रा की जरूरतों का जिक्र करते हुए कहा, “गरीब आदमी दाल रोटी खाता है। दाल नहीं तो प्याज रोटी खाता है। आज प्याज महंगा हो गया, यह मोदी लोगों का गला काट रहा है।”

संसद और राहुल गांधी को लेकर कही ये बात

कांग्रेस अध्यक्ष ने संसद की कार्यवाही और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “पार्लियामेंट चलता है, तो मोदी और शाह डर के पार्लियामेंट के अंदर नहीं आते हैं।”

राहुल गांधी के विदेश जाने का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा, “राहुल गांधी बाहर गए हैं। अपने काम से गए हैं। जब वापस आएंगे तो इन लोगों की अच्छे से मरम्मत होगी।”

उन्होंने आगे कहा कि विरोधी दल के नेता राहुल गांधी को लेकर लगातार बयान देते रहते हैं। खरगे के मुताबिक, “सिर्फ राहुल राहुल यह लोग करते हैं। इन लोगों के सपने में भी राहुल गांधी आते हैं।”

पटना में खरगे के इस संबोधन के दौरान दिए गए बयानों ने राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना दिया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha