
समझौते के बाद भी नहीं थमा विवाद
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा स्थित माननगर में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो दिन पहले रास्ते के मामूली विवाद को लेकर हुए झगड़े में पुलिस की मौजूदगी में समझौता हो जाने के बावजूद बदमाशों ने 22 वर्षीय युवक नितिन की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक नितिन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच पूरी की है।

दौड़ लगाकर लौटते वक्त बदमाशों ने घेरा घटनाक्रम के अनुसार, दो दिन पहले नितिन के दोस्त प्रिंस और पड़ोसी मिट्ठू के बीच रास्ते से निकलने को लेकर विवाद हुआ था। जीआईसी चौराहे पर दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट के बाद मामला थाने पहुंचा था, जहां पुलिस ने समझौता करा दिया था। शुक्रवार शाम प्रिंस अपने दोस्त नितिन के साथ मध्य गंगनहर किनारे दौड़ लगाने गया था। शाम को लौटते समय प्रिंस बाइक चला रहा था और नितिन पीछे बैठा था। जैसे ही वे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, दो बाइकों पर सवार छह हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इलाज के दौरान इकलौते बेटे की मौत बदमाशों की दो गोलियां सीधे नितिन की जांघ में जा लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। प्रिंस ने तुरंत घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। घायल नितिन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से मेरठ के गंगानगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। नितिन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस अधिकारियों ने लिया जायजा, 3 टीमें गठित घटना की सूचना पर एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ पंकज लवानिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। मेरठ एसएसपी बाथल्ला बाल गंगाधर तिलक संतोष मूर्ति ने बताया कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और दबिश दी जा रही है।











