
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित कांशीराम कॉलोनी में बीते दिनों हुई 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर की निर्मम हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश किया।
पिता की हत्या के जुर्म में पुलिस ने मृतक की नाबालिग बेटी और उसके बालिग प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेमी से बातचीत करने से रोकने और विरोध करने पर बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था।
बक्से में बंद मिला था हाथ-पैर बंधा शव, बड़ी बहन ने जताया था शक
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीते रविवार को सिविल लाइन थाना पुलिस को कांशीराम कॉलोनी स्थित एक मकान के अंदर रखे बक्से में सुरक्षा कर्मी श्याम सुंदर का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे।
मामले में मृतक की बड़ी बेटी काजल ने अपने पिता की हत्या का संदेह अपनी छोटी (नानाबालिग) बहन पर जताया था, जो घटना के बाद से गायब थी। पुलिस ने तुरंत शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और सर्विलांस व फॉरेंसिक टीम की मदद से मामले की तफ्तीश शुरू की।
चाय में पिलाई नींद की गोली, चाकू और सिलबट्टे से उतारा मौत के घाट
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की नाबालिग बेटी का अहेरीपुर (थाना बकेवर) निवासी अभिलाष नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब पिता को इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया और बेटी के साथ मारपीट की थी। इसी से आहत होकर नाबालिग बेटी ने अपने प्रेमी संग मिलकर पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
योजना के मुताबिक, बीते 21 अक्टूबर को बेटी ने अपने पिता श्याम सुंदर को चाय में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। जब पिता गहरी नींद में सो गए, तब बेटी ने अपने प्रेमी अभिलाष को घर बुलाया। दोनों ने मिलकर पहले पिता के हाथ-पैर रस्सी से बांधे और फिर चाकू से गला रेतने की कोशिश की। असफल रहने पर दोनों ने सिलबट्टे से चेहरा कुचलकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद शव को कंबल में लपेटकर घर में रखे बक्से में बंद कर दिया और ताला लगाकर फरार हो गए।
प्रेमी जेल और नाबालिग बेटी भेजी गई बाल सुधार गृह
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से छापेमारी कर बकेवर के अहेरीपुर से आरोपी प्रेमी अभिलाष और मृतक की नाबालिग बेटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा, धारदार चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी प्रेमी अभिलाष को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि हत्या में शामिल नाबालिग बेटी को कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह भेजा गया है।














